कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत पर थप्पड़ की बरसात, जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हुआ बवाल

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर का शहीद स्मारक सोमवार को उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब नीट (NEET) पेपर लीक के खिलाफ चल रहे एक बड़े प्रदर्शन के दौरान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसा दिए। इस अचानक हुए हमले के बाद प्रदर्शन स्थल पर भारी अफरा-तफरी और हंगामा मच गया।

कंधे पर थे सवार, तभी भीड़ से निकलकर आए हमलावर
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दीपके देश में नीट पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और चरमराती शिक्षा व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सैकड़ों युवाओं के साथ जयपुर में मोर्चा खोलने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

इसी बीच, माहौल उस वक्त गरमा गया जब समर्थक अभिजीत दीपके को अपने कंधे पर बिठाकर भीड़ के बीच ला रहे थे। तभी अचानक प्रदर्शनकारियों के हुजूम से निकलकर दो अनजान युवक आए और उन्होंने कंधे पर बैठे अभिजीत को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।

एक हमलावर फरार, दूसरे की समर्थकों ने कर दी धुनाई
अभिजीत दीपके पर हुए इस ‘थप्पड़कांड’ के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सीजेपी (CJP) के समर्थक भड़क गए। उन्होंने दोनों हमलावरों को घेरने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक तो चालाकी से भीड़ का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया, लेकिन दूसरे को समर्थकों ने दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

नारेबाजी पर विवाद, पुलिस ने एक को लिया हिरासत में
इस हाई-वोल्टेज प्रदर्शन के दौरान केवल मारपीट ही नहीं, बल्कि नारेबाजी के स्वरूप को लेकर भी प्रदर्शनकारियों के बीच आपस में विवाद खड़ा हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मुस्तैद पुलिस बल को तुरंत दखल देना पड़ा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए माहौल खराब कर रहे एक युवक को हिरासत में ले लिया है।

आंदोलन के बीच उचक्के भी सक्रिय, पार हुए कई मोबाइल
शहीद स्मारक पर चल रहे इस हंगामे और भीड़भाड़ का फायदा उठाने से जेबकतरे भी पीछे नहीं रहे। प्रदर्शन के दौरान कई आंदोलनकारी युवाओं के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद आयोजकों को मंच से बाकायदा एनाउंसमेंट कर लोगों को अपने मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति अलर्ट रहने की अपील करनी पड़ी।