पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ममता बनर्जी के भतीजे और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी निशाने पर आ गए. हुगली में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब कल्याण बनर्जी पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया.
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की के बीच उनके साथ मारपीट की गई. घटना के दौरान एक पत्थर उनके सिर पर आकर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और सिर से खून बहने लगा. हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों और सैन्य जवानों ने हस्तक्षेप किया. जवानों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला. हमले में घायल हुए कल्याण बनर्जी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. फिलहाल उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
TMC का आरोप BJP कार्यकर्ताओं ने किया हमला
घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन सुनियोजित था और इसके पीछे BJP कार्यकर्ताओं का हाथ है. पार्टी समर्थकों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही है. सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी दे दी गई है. बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व पहले से ही सांसद अभिषेक बनर्जी से जुड़ी हालिया घटना को लेकर नाराज था, ऐसे में कल्याण बनर्जी के साथ हुई इस घटना ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है.
मेरी हत्या करने की कोशिश की गई हैः कल्याण बनर्जी
TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए बताया, ‘चांदिताला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अधिकारी से मिलने और उन्हें ज्ञापन देने के लिए, जब मैं कार से आ रहा था, तो चांदिताला बाजार में जबरदस्त ट्रैफिक जाम था. वहां भगवा कपड़े पहने 10-15 BJP के गुंडे थे, जिन्होंने अचानक नारेबाजी करते हुए मुझे गालियां देने लगे, लेकिन मैं आगे बढ़ रहा था, तभी मेरे सिर पर एक पत्थर फेंका गया. अब दो घंटे बीत चुके हैं और मेरे कपड़ों पर खून लगा हुआ है. मैं सड़क पर गिर गया था और एक CRPF जवान ने आकर मुझे बचाया, जिसके लिए मैं उसका आभारी हूं. हालांकि, बंगाल पुलिस पूरी तरह से चुप रही, मूक दर्शक बनी रही. पश्चिम बंगाल में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है. यह घटना मेरी हत्या करने की एक कोशिश थी. यह स्थिति एक ऐसी सरकार को दर्शाती है जिसका नेतृत्व एक तानाशाह और ईर्ष्यालु मुख्यमंत्री कर रही हैं, जो अपने विरोध में खड़े सभी TMC नेताओं को खत्म कर देना चाहता है…’
पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए ज्ञापन देने पहुंचे थे बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी सोमवार को हुगली जिले के चंदिताला थाने पहुंचे थे. उनका उद्देश्य हिरासत में लिए गए पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपना था. इसी दौरान वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने उनका विरोध शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध कर रहे लोगों ने कल्याण बनर्जी को चारों तरफ से घेर लिया, काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कथित तौर पर धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई.