देश के 12 राज्यों की 26 राज्यसभा की सीटों पर 18 जून को चुनाव होने हैं. इसमें से 24 सीटें खाली हो रही हैं जबकि 2 सीटें जिसमे से एक महाराष्ट्र की सुनेत्र अजित पवार और तमिलनाडु से सीवी षण्मुखम की सीट पर उपचुनाव होंगे. चुनाव से पहले देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी रविवार को दिल्ली में एक अहम बैठक करने जा रही है. यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आयोजित होगी, जहां पार्टी के शीर्ष नेता आगामी चुनाव को लेकर मंथन करेंगे.
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन, संख्या बल और पार्टी की रणनीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
राज्यसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी संगठन और नेतृत्व पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. ऐसे में रविवार की यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
प्रधानमंत्री आवास पर शाम 5:30 बजे होगी बैठक
प्रधानमंत्री आवास पर आज शाम 5:30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है. इस बैठक में राज्यसभा और विभिन्न विधान परिषद सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किए जाने की संभावना है. पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावी रणनीति और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के चयन पर मंथन कर सकता है. इसके अलावा, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की भी समीक्षा होने की उम्मीद है.
बीजेपी किसको बनाएगी उम्मीदवार? बैठक में लगेगी मुहर
देश के 12 राज्यों में राज्यसभा की 26 सीटों के लिए 18 जून को द्विवार्षिक चुनाव कराए जाएंगे. इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, जिसके चलते निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है. सबसे ज्यादा 4-4 सीटें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में खाली हो रही हैं. वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में 3-3 सीटों पर चुनाव होगा. झारखंड में 3 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट खाली होने के कारण चुनाव होंगे.
इन दिग्गजों का समाप्त हो रहा कार्यकाल
इसके पहले चुनाव आयोग ने 22 मई को इन चुनावों का कार्यक्रम जारी किया था. जिन प्रमुख नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है, उनमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह जैसे नाम शामिल हैं. इन सीटों पर होने वाले चुनावों के नतीजे संसद के उच्च सदन में विभिन्न दलों की राजनीतिक ताकत पर भी असर डाल सकते हैं.
एक जून को जारी होगा राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन
भारतीय चुनाव आयोग ने आगामी चुनावी कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है. आयोग के मुताबिक, चुनाव संबंधी अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी, जबकि मतदान 18 जून को होगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे. इसके साथ ही चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव कराने की भी घोषणा की है. महाराष्ट्र की सीट उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के इस्तीफे के बाद खाली हुई है, जबकि तमिलनाडु की सीट एआईएडीएमके नेता और सांसद सी.वी. शनमुगम के विधानसभा के लिए चुने जाने के कारण रिक्त हुई है. इन दोनों सीटों पर भी 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन वोटों की गिनती की जाएगी.