मां के मृत शरीर को लेकर अस्पताल पहुंचा 8 साल का मासूम बच्चा, बोला- ‘मेरी मम्मी का पोस्टमार्टम कर दो’

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक समय के लिए सबको भावुक कर दिया. यह मामला दिखाता है कि जब मुश्किल समय आता है, तो अपने भी मुंह मोड़ लेते हैं. दरअसल एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव नगला धीरज में एक आठ साल का बच्चा जब अपनी 45 साल की मां का मृत शव लेकर जिला अस्पताल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचा और पोस्टमार्टम कराने की बात कही, तो सभी की निगाहें फटी की फटी रह गईं.

दरअसल 8 साल के इस बच्चे की मां गंभीर बीमारी से जूझ रही थी और उनका इलाज एटा के मेडिकल कॉलेज में चल रहा था. बच्चे के पिता की पहले ही एचआईवी बीमारी से मौत हो गई थी और अपनी मां का वह अकेला बच्चा था, जिसका ना किसी रिश्तेदार ने साथ दिया और ना ही किसी परिजन ने सहारा दिया. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मां की भी मौत हो गई. इसके बाद बच्चा अपनी मां के शव को लेकर अस्पताल पहुंच गया और बोला कि मेरी मम्मी का पोस्टमार्टम कर दो.

डॉक्टरों ने परिजन के बारे में पूछा, तो बच्चे ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य, खासकर चाचा और अन्य रिश्तेदार उसकी जायदाद पर नजर रखे हुए हैं, इसलिए उन्होंने इलाज के दौरान ना तो कोई सहारा दिया और ना ही पैसों की कोई मदद की. वह अपनी मां को लेकर दर-दर इलाज के लिए भटकता रहा. मासूम ने बताया कि उसने 8 दिनों तक अपनी मां की सेवा की और फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल से लेकर दिल्ली तक मां का इलाज कराया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.

पुलिस ने मदद का हाथ बढ़ाया आगे
इस मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, थाना जैथरा प्रभारी रितेश ठाकुर ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया. पुलिस ने बताया कि बच्चे की मां की मौत बीमारी के कारण हुई और अब पुलिस प्रशासन उसकी मां का अंतिम संस्कार कराएगी. साथ ही पुलिस अब बच्चे की सुरक्षा करेगी और उसे हर संभव मदद दी जाएगी. यह मामला रिश्तेदारों की असल सच्चाई बयां करती है और बताती है कि जायदाद के लिए रिश्तेदार किस हद तक नीचे गिर सकते हैं. एटा के इस बच्चे की हिम्मत ने सभी को झकझोरकर रख दिया.