दिल्ली में हरियाणा नंबर की कार में ब्लास्ट: पुलिस को सोता मिला मालिक, बोला- डेढ़ साल पहले….

गुरुग्राम: दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ब्लास्ट में 9 लोगों की मौत के बाद हाई अलर्ट है। जिस i-20 कार में ब्लास्ट हुआ है, वह हरियाणा नंबर (HR 26-CE 7674) की थी। यह कार गुरुग्राम RTO में मोहम्मद सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड है।

कार के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट से मिले एड्रेस के बाद गुरुग्राम पुलिस उसे ढूंढते हुए शांति नगर पहुंची। यहां मकान मालिक दिनेश ने बताया कि सलमान 5 साल पहले जा चुका है। अब वह सोहना की एक सोसाइटी में रहता था। इसके बाद पुलिस ने दिनेश को हिरासत में ले लिया।

दिनेश को लेकर पुलिस सोहना की सोसाइटी में पहुंची तो सलमान सोता मिला। पूछताछ में उसने बताया कि डेढ़ साल पहले उसने यह कार आगे बेच दी थी। पुलिस ने यहां से दिनेश, सलमान और उसके भाई जावेद को हिरासत में लिया है पूछताछ की जा रही है।

इस पर दिनेश की मां का कहना है कि सलमान रहने आया और फिर लॉकडाउन में कमरा छोड़कर चला गया। उसके बाद से हमारा उससे कोई लेना-देना नहीं।

वहीं, सलमान की पत्नी फराह का कहना है कि उन्होंने अपनी कार को गाड़ी खरीद-फरोख्त करने वाली सिंफनी कंपनी को एक्सचेंज में बेची थी। उन्होंने कहा- हमारे पास इसके डॉक्यूमेंट्स हैं। उसके बाद गाड़ी कहां बिकी, इसका हमें नहीं पता है।

दिनेश की मां वीरमती ने बताया कि मोहम्मद सलमान उनके घर में 2016 में रहने आया था और कोरोना काल में लगे लॉकडाउन में चल गया था। इसके बाद उससे हमारा कोई कॉन्टैक्ट नहीं रहा।

उसके माथे पर नहीं लिखा था कि वह क्या है: उन्होंने कहा- वह हमारे यहां किराएदार था। फिर कमरा खाली कर चला गया। इसके बाद हमें उससे क्या लेना-देना? पुलिस भी जब घर आई तो उन्होंने हमें कुछ नहीं बताया। किराएदार तो अब भी हमारे यहां रह रहे हैं। किसी के माथे पर तो लिखा नहीं है कि वह क्या है। हमारा तो बस उसे एड्रेस इस्तेमाल किया था।

सलमान के भाई को भी पुलिस ने उठाया सलमान के भाई जावेद को भी कल रात को ही पुलिस अपने साथ ले गई थी। गुरुग्राम की शांति कॉलोनी में उसका फ्लैट 386/20 है, जिस पर अभी लॉक लगा हुआ है। जावेद अपनी बीवी और दो बच्चों के साथ यहां रहता है। मकान मालिक शमी ने बताया कि सलमान के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है और जावेद परिवार के साथ उनके यहां कई सालों से रह रहा है।

शांति नगर के रहने वाले जान मोहम्मद ने बताया कि पुलिस रात में सलमान को ढूंढ़ते हुए यहां पहुंची थी। यहां से पुलिस ने दिनेश को उठाया। उससे पूछा कि सलमान कहां है तो उसने बताया कि सलमान का नहीं पता, लेकिन उसका भाई जावेद यहां पास के ही फ्लैट में रहता है।

कार मालिक के रूप में सलमान का नाम आया: दिल्ली में जिस कार में धमाका हुआ, उसके नंबर की छानबीन में सामने आया कि यह कार गुरुग्राम में शांति कॉलोनी के रहने वाले मोहम्मद सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड है। जब पुलिस ने सलमान के एड्रेस पर रेड की तो वहां मकान मालिक को भी जांच का हिस्सा बना लिया गया।

पता चला कि सोमवार रात करीब सवा 9 बजे गुरुग्राम पुलिस की टीम कॉम्बिंग करते हुए हाउस नंबर 631/12 पर पहुंची। पूछताछ में मकान मालिक दिनेश ने बताया कि मोहम्मद सलमान 2016 से लेकर 2021 तक यहां किराए के एक कमरे में रहा। उसने यहीं रहते हुए सेकेंड हैंड गाड़ी खरीदी थी। इसके बाद वह सोहना के पास ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी में शिफ्ट हो गया।

सलमान की पहचान के लिए पुलिस दिनेश और सलमान के भाई जावेद को साथ लेकर ग्लोबल हाइट्स पहुंची। करीब 10 बजे दरवाजा खटखटाया तो सलमान की बेटी ने दरवाजा खोला। पूछने पर उसने बताया कि सलमान अंदर सो रहा है। पुलिस ने सलमान से कार के बारे में पूछा तो उसने बताया कि डेढ़ साल पहले उसने यह कार आगे बेच दी थी। उसने खरीद-फरोख्त से संबंधित कागजात भी दिखाए। हालांकि, अभी यह कन्फर्म नहीं है कि आगे यह कार किस-किस के पास गई।

कार की आगे भी खरीदफरोख्त हुई पुलिस सूत्रों से पता चला है कि सलमान ने यह कार नदीम नाम के व्यक्ति से खरीदी थी। इसके बाद उसने इसे ओखला में देवेंद्र को बेच दिया। देवेंद्र ने भी यह कार कुछ समय पहले अंबाला में एक गैराज को बेची थी। वहां से इसे कौन खरीदकर ले गया, इसके बारे में पुलिस छानबीन कर रही है।

ग्लास कंपनी में काम करता है सलमान पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोहम्मद सलमान ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी में अपनी पत्नी और 3 बेटियों के साथ रहता है। वह एक ग्लास कंपनी में काम करता है। फिलहाल पुलिस ने सलमान को हिरासत में ले रखा है।