आज घर से न निकलें! भयंकर ठंड के बीच भारी बारिश से इन राज्यों में मचेगा कहर, 3 से 7 दिसंबर तक जानें मौसम का हाल

Weather Forecast Today: सर्दी का असली रंग अब दिखने लगा है. देश में मौसम ने करवट ले ली है. दक्षिण में भारी बारिश का खतरा, तो उत्तर में कड़ाके की ठंड. अगर आप तमिलनाडु या आंध्र प्रदेश में हैं तो छाता और रेनकोट तैयार रखें, क्योंकि चक्रवाती तूफान दितवाह के बचे हुए सिस्टम से बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और राजस्थान वालों के लिए शीतलहर का अलर्ट है, जहां तापमान 2-4 डिग्री लुढ़क सकता है. आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 3 से 7 दिसंबर तक ये हालात रहेंगे. स्कूल-कॉलेज बंद हो सकते हैं, ट्रैफिक जाम और उड़ानें प्रभावित होंगी.सावधानी बरतें, घर पर रहें और अपडेट चेक करते रहें.

तमिलनाडु-चेन्नई में ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद, परीक्षाएं टालीं
मौसम विभाग की न्यूज बेवसाइट skymetweather की रिपोर्ट की माने तो दक्षिण के राज्यों पर बादल छाए हैं. चक्रवाती तूफान दितवाह का अवशेष अब कमजोर होकर निम्न दाब क्षेत्र बन गया है, लेकिन अभी भी तमिलनाडु, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, पुडुचेरी और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश करवा सकता है. तमिलनाडु में 3 दिसंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. IMD ने चेन्नई, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. नीलगिरि, इरोड, कोयंबटूर जैसे जिलों में तो बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. थेनी, डिंडीगुल, तिरुपुर, टेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, सलेम और नामक्कल में भी जोरदार बारिश संभवाना है. चेन्नई में रातभर की बारिश से जलभराव हो गया, यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास ने 3 दिसंबर की सभी परीक्षाएं स्थगित कर दीं. स्कूल-कॉलेज बंद हैं, लोग घरों में कैद हैं. हवा की गति 40-60 किमी/घंटा तक रह सकती है, इसलिए बाहर न निकलें. पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक के साथ बारिश होगी.

केरल और आंध्र प्रदेश: येलो अलर्ट, तिरुपति पर नजर
केरल में 3 दिसंबर को भारी बारिश की चेतावनी है. तटीय इलाकों में बाढ़ का डर है, मछुआरों को समुद्र न उतरने की सलाह है. आंध्र प्रदेश के नेल्लोर, प्रकाशम, बापटला, कृष्णा और तिरुपति में येलो अलर्ट है. चक्रवात का केंद्र चेन्नई से 100 किमी दक्षिण में है, जो धीरे-धीरे तट की ओर बढ़ रहा.

पंजाब-राजस्थान में ठंडी लहर 3-7 दिसंबर तक, तापमान गिरेगा
उत्तर भारत में सर्द हवाएं दौड़ रही हैं. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 3-5 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बनेगी. राजस्थान में 5-7 दिसंबर तक अलग-अलग जगहों पर कोल्ड वेव रहेगा. IMD के अनुसार, न्यूनतम तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस गिरेगा.