PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बुधवार को चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस भेजा है. खरगे ने मंगलवार को पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कहा था. अब चुनाव आयोग ने उनसे 24 घंटे में सफाई देने को कहा है.
मामले ने पकड़ा सियासी तूल
खरगे ने पीएम मोदी को आतंकवादी कहने के बाद सफाई दी थी. लेकिन इस मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है. चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आखिरी दिन के कैंपेन में उन्होंने यह विवादास्पद बयान दिया था. उन्होंने एआईएडीएमके और बीजेपी के गठबंधन पर भी हमला बोला.
क्या था खरगे का बयान?
अपने बयान में खरगे ने कहा था, ‘वह (एआईएडीएमके) मोदी से कैसे हाथ मिला सकते हैं? वह आतंकवादी हैं. वह समानता में यकीन ही नहीं करते. उनकी पार्टी न्याय और समानता में विश्वास नहीं करती. और ये लोग उनके साथ हैं. इसका मतलब है कि ये लोग लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं. ये लोग अन्नादुरई, कामराज, पेरियार और बाबा साहेब आंबेडकर की विचारधारा को कमजोर कर रहे हैं.’ जब उनके बयान पर सवाल पूछे गए तो कांग्रेस चीफ ने कहा कि उनका मतलब था कि पीएम मोदी हमेशा डराते हैं और बीजेपी सरकार हमेशा एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करती है.
उन्होंने कहा, ‘मैं साफ कर देना चाहता हूं कि पीएम मोदी हमेशा डराते हैं. ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई उनके हाथों में हैं. लिहाजा, मैंने उसी मामले में कहा था. मेरा मतलब था कि वह लोगों को और राजनीतिक पार्टियों को डराते हैं.’ बाद में बीजेपी ने खरगे पर जोरदार हमला बोलते हुए चुनाव आयोग से उनके खिलाफ एक्शन लेने को कहा. बीजेपी ने शिकायत में कहा, ‘यह सिर्फ अपमानजनक नहीं बल्कि खतरनाक होने के साथ-साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला है. इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए.’
बीजेपी बोली- दर्ज होनी चाहिए एफआईआर
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य बीजेपी नेताओं ने चुनाव आयोग से खरगे के खिलाफ चुनावी संहिता का उल्लंघन करने और अपमानजनक बयान को लेकर एफआईआर दर्ज कराने की गुहार लगाई.
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर तमिलनाडु बीजेपी इंचार्ज पीयूष गोयल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी हम सभी के द्वारा चुने गए हैं. विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहकर आज 8 करोड़ तमिलनाडु के लोगों का अपमान किया है.मल्लिकार्जुन खरगे और एम.के. स्टालिन ने 140 करोड़ भारतीयों को बेइज्जत किया है… मैं इसकी निंदा करता हूं और उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए.’