एक साथ 20 महिलाओं को प्रेग्नेंट करना चाहता था एपस्टीन! जानें- क्या था Baby Ranch प्लान

नई दिल्ली। अमेरिकी क्रिमिनल जेफरी एपस्टीन की बदनाम फाइलें चर्चा में हैं. 2019 में जेल के भीतर खुदकुशी करने वाले एपस्टीन को लेकर अब एक और खुलासा हुआ है. कहा जा रहा है कि वह अपने डीएनए के जरिए सुपर रेस शुरू करना चाहता था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपस्टीन न्यू मेक्सिको में अपने बड़े फार्महाउस (Ranch) में महिलाओं को प्रेग्नेंट करना चाहता था. वह ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को गर्भवती करना चाहता था ताकि बड़ी संख्या में उसके बच्चे पैदा हो सके. वह एक साथ 20 महिलाओं को प्रेग्नेंट करना चाहता था ताकि उसके डीएनए से इंसानों की एक सुपर रेस शुरू हो सके. इसे लेकर उसने कई वैज्ञानिकों से सलाह-मशवरा भी किया था.

एपस्टीन की यह सोच ट्रांसह्यूमनिज्म से जुड़ी बताई जाती है. यह एक ऐसा विचार है जिसमें टेक्नोलॉजी, जेनेटिक बदलाव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए इंसानों की ताकत बढ़ाने की बात होती है. आलोचकों का कहना है कि इस तरह की सोच यूजीनिक्स जैसी है, जिसमें चुनिंदा लोगों के जरिए इंसानी नस्ल को ‘बेहतर’ बनाने की बात की जाती थी. इसी सोच का इस्तेमाल बाद में नाजियों ने भी किया था.

क्या था एपस्टीन का बेबी रैंच प्लान?

एपस्टीन न्यू मेक्सिको के अपने रैंच को प्रजनन केंद्र में बदलना चाहता था. वह चाहता था कि उसके सीमेन से उसी की तरह हाई IQ और बेहतर जीन वाले बच्चे पैदा हों. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपस्टीन बार-बार यह दावा करता था कि वह अपनी ही सीमेन से अधिक से अधिक महिलाओं को गर्भवती करना चाहता था. 2000 के शुरुआती सालों में एपस्टीन ने वैज्ञानिकों और बिजनेस से जुड़े लोगों से कहा कि वह सांता फे के पास अपने बड़े रैंच को इस योजना का केंद्र बनाना चाहता है.

जांच रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपस्टीन महिलाओं को रैंच पर लाने, उन्हें वहीं रहने और गर्भधारण को लेकर बातें करने में दिलचस्पी दिखाता था. हालांकि, इस बेबी रैंच योजना के वास्तविक रूप से लागू होने के ठोस सबूत कभी पूरी तरह सामने नहीं आए.