नवरात्रि में चमकी किसान की किस्मत, मंदिर जाते वक्त मिला 4.4 कैरेट का हीरा

पन्ना: पन्ना में एक नवरात्रि पर एक किसान की किस्मत रातों रात बदल गई। बताया जाता है कि गुजार गांव पंचायत राहुनिया निवासी 67 साल के गोविंद सिंह आदिवासी सोमवार की सुबह मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। इस बीच 4.4 कैरेट का हीरा मिल गया। हीरे की कीमत बाजार में 20 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंद सिंह सुबह माता की माड़िया मंदिर में दर्शन करने निकले थे। मंदिर मार्ग पर पड़ी ग्रेवल (चाल) में अचानक उनकी नजर चमचमाते पत्थर पर पड़ी। पत्थर की चमक देखते ही उन्हें शक हुआ और उन्होंने उसे उठा लिया। घर पहुंचकर जब परिजनों को दिखाया गया तो सभी हैरान रह गए।

बाद में परिजनों की सलाह पर गोविंद अपने बेटे जाहर सिंह के साथ हीरा कार्यालय पहुंचे और हीरे को जमा कराया। हीरा कार्यालय पन्ना के विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने बताया कि गोविंद सिंह की ओर से जमा कराया गया हीरा 4.4 कैरेट का है। यह अत्यंत उज्ज्वल और शुद्ध हीरा है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये या उससे अधिक हो सकती है।

फिलहाल हीरा नीलामी प्रक्रिया से गुजरकर शासन के राजस्व में जमा होगा। इसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार, हीरा मिलने वाले को रकम दी जाएगी। हीरा मिलने के बाद गोविंद आदिवासी बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि मैं तो मंदिर में माता के दर्शन करने जा रहा था। यह हीरा मुझे माता का वरदान ही लगता है। हमारी जिंदगी अब बदल जाएगी।

गोविंद ने कहा कि हीरे से मिलने वाली रकम से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। पन्ना जिले की धरती देशभर में हीरों के लिए जानी जाती है। पन्ना में सरकार की ओर से जारी किए गए खनन पट्टों से हीरे तलाशे जाते हैं। कई बार लोग वर्षों तक मेहनत करने के बाद भी मायूस रहते हैं, लेकिन कभी-कभी किस्मत किसी गरीब को लखपति बना देती है।

मंदिर मार्ग पर हीरा मिलना बेहद दुर्लभ संयोग माना जा रहा है। हीरा मिलने की खबर फैलते ही गोविंद सिंह के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पूरा परिवार उत्साहित है। बेटे जाहर सिंह ने बताया कि हीरे से मिलने वाली राशि से सबसे पहले परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी की जाएंगी और बाकी रकम बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और खेती-बाड़ी में लगाया जाएगा।