बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में उस समय शादी का माहौल अचानक दहशत में बदल गया जब नेग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. प्रेम शंकर मौर्य की बेटी की बारात थाना मूसा जाग क्षेत्र के गांव कथरा से आई थी. शादी की अधिकांश रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो चुकी थीं और सुबह भांवरे की रस्म की तैयारी चल रही थी.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, हुसैनपुर निवासी प्रेम शंकर मौर्य की बेटी की बारात थाना मूसा जाग क्षेत्र के गांव कथरा से आई थी. रात में शादी की सभी रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो गई थीं और सुबह भांवरे की रस्म शुरू होने वाली थी. इसी दौरान बोलेरो कार से करीब आधा दर्जन किन्नर बारात स्थल पर पहुंच गए और दूल्हा पक्ष से 11,000 रुपये नेग की मांग करने लगे. दूल्हे के पिता द्वारा 1100 रुपये देने की कोशिश की गई, लेकिन किन्नर अपनी मांग पर अड़े रहे.
फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई
बताया जा रहा है कि मांग पूरी न होने पर किन्नरों ने अशोभनीय हरकतें शुरू कर दीं, जिसका बारातियों ने विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि इसके बाद एक किन्नर ने बोलेरो से तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी. पथराव भी हुआ, जिसमें कथरा निवासी गौरव घायल हो गया. फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई.
किन्नरों की गाड़ी की तलाशी
घटना के बाद गांव वालों ने किन्नरों को पकड़कर बंधक बना लिया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया और किन्नरों की गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें लाठी-डंडे, तमंचा और कुछ धारदार हथियार बरामद हुए.
प्रभारी निरीक्षक ने क्या बताया?
पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. इस दौरान गांव वालों ने कुछ समय तक विरोध भी किया, लेकिन समझाने के बाद पुलिस वाहन को जाने दिया गया. प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौके से तमंचा बरामद हुआ है और करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है. तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद सुरक्षा के बीच भांवरे की रस्म पूरी कराई गई.