सीट कंफर्म हुई या नहीं? 10 घंटे पहले ही मिल जाएगा मैसेज, रेलवे ने लागू कर दिया है नया चार्टिंग सिस्टम

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिजर्वेशन चार्ट बनाने का नया नियम लागू किया है। अब यात्रियों को आखिरी वक्त तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट पहले से तय समय पर तैयार किया जाए, ताकि यात्रियों को समय रहते अपनी सीट की स्थिति पता चल सके।

अभी तक कई बार ऐसा होता था कि ट्रेन चलने के बिल्कुल पास चार्ट बनता था। इससे यात्रियों को यह समझ नहीं आ पाता था कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या नहीं। खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों और रात में चलने वाली ट्रेनों के यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। कई लोग आखिरी समय में ही सफर या रद्द करने का फैसला ले पाते थे।

नए नियम के तहत अब चार्ट यात्रा से काफी पहले बना दिया जाएगा। इससे यात्री पहले ही जान सकेंगे कि उनकी सीट कंफर्म है, वेटिंग है या आरएसी में है। इससे यात्रा की योजना बनाना आसान होगा, समय और पैसे दोनों की बचत होगी और बेवजह की टेंशन भी कम होगी।

सुबह और दोपहर में चलेंगी ये ट्रेनें
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 5:01 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट अब एक दिन पहले रात 8 बजे तक तैयार कर दिया जाएगा। यानी अगर किसी यात्री की ट्रेन सुबह 6 बजे, 10 बजे या दोपहर 1 बजे है, तो उसे अपनी सीट की स्थिति एक रात पहले ही पता चल जाएगी। इससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर तैयारी करने में आसानी होगी।