भारत में चाय कैसे आई? चीन से शुरू हुई साजिश, अंग्रेजों का खेल और बन गई हर भारतीय की आदत

History of tea in India: भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा चाय उत्पादक और उपभोक्ता है, लेकिन यह कहानी किसी भारतीय रसोई से नहीं, बल्कि एक औपनिवेशिक साजिश से शुरू होती है. जंगलों में उगने वाली एक पत्ती, व्यापार की होड़ और अंग्रेजों की मजबूरी. यहीं से भारत की चाय यात्रा शुरू हुई.

आज भारत में सुबह अख़बार से पहले चाय आती है, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब भारतीय समाज में चाय पीने की कोई परंपरा नहीं थी. गांवों से लेकर राजदरबारों तक, चाय न तो रोजमर्रा की आदत थी और न ही सांस्कृतिक पहचान. असम और पूर्वोत्तर के जंगलों में चाय के पौधे जरूर उगते थे, लेकिन वहां की जनजातियां इन्हें पेय नहीं, बल्कि औषधि की तरह इस्तेमाल करती थीं. चाय तब तक ‘भारतीय ड्रिंक’ नहीं बनी थी.

18वीं सदी में चाय पूरी दुनिया के लिए चीन की देन थी. ब्रिटेन चाय का दीवाना हो चुका था और हर साल चीन से भारी मात्रा में चाय मंगवाता था. समस्या यह थी कि चीन ब्रिटेन से कुछ खरीदना नहीं चाहता था. नतीजा ब्रिटेन को भारी व्यापार घाटा हो रहा था. यह वही दौर था जब अंग्रेजों को समझ आ गया कि अगर चाय पर निर्भरता तोड़नी है, तो चीन के बाहर चाय उगानी होगी.

यहीं से ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत की ओर रुख किया. 1834 में ब्रिटिश सरकार ने आधिकारिक रूप से फैसला लिया कि भारत में चाय की खेती की जाएगी. यह फैसला स्वाद के लिए नहीं, बल्कि व्यापार और मुनाफे के लिए था. अंग्रेजों की नजर उस जमीन पर थी, जहां जलवायु और मिट्टी चीन जैसी हो और वह जमीन उन्हें असम में मिली.

1830 के दशक में ब्रिटिश अधिकारी रॉबर्ट ब्रूस ने असम के जंगलों में जंगली चाय के पौधे पहचाने. यह खोज ऐतिहासिक थी, क्योंकि इससे साबित हो गया कि भारत में चाय बाहर से लाई गई चीज नहीं है, बल्कि यहीं की जमीन पर उग सकती है. 1839 में असम की पहली कमर्शियल चाय कोलकाता में नीलाम हुई और यहीं से भारतीय चाय उद्योग की असली शुरुआत हुई.

असम की सफलता के बाद अंग्रेजों ने चाय को पहाड़ों तक पहुंचाया. दार्जिलिंग की ठंडी जलवायु और नीलगिरी की ऊंचाइयों में चाय बागान लगाए गए. इन इलाकों की चाय का स्वाद अलग था हल्का, सुगंधित और खास. यही वजह है कि ‘दार्जिलिंग टी’ आगे चलकर दुनिया की सबसे महंगी और प्रतिष्ठित चाय बन गई.

शुरुआत में चाय सिर्फ अंग्रेज अफसरों की ड्रिंक थी. आम भारतीय इसे शक की नजर से देखते थे. लेकिन 20वीं सदी की शुरुआत में Indian Tea Association ने रणनीति बदली. रेलवे स्टेशनों, फैक्ट्रियों और मजदूर बस्तियों में चाय बांटी जाने लगी. दूध और चीनी मिलाकर चाय को भारतीय स्वाद के अनुसार ढाला गया. यहीं से चाय अमीरों से निकलकर आम आदमी तक पहुंची.

जो चाय अंग्रेजों ने व्यापार घाटा कम करने के लिए शुरू की थी, वही धीरे-धीरे भारत की सामाजिक रगों में बस गई. आज चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि बातचीत, राजनीति, थकान और दोस्ती का बहाना है. औपनिवेशिक साजिश से जन्मी यह आदत समय के साथ भारतीय पहचान बन गई.