मानसिक रोगी हैं इमरान, देश के सुरक्षा के लिए बन चुके हैं बड़ा खतरा! सेना ने लगाया शॉकिंग आरोप

Imran Khan vs Pakistan Army: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है. अब पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने इमरान खान पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि एक ऐसा व्यक्ति है, जो अपनी जिद और गुस्से में देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुका है.

राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा
जनरल अहमद शरीफ का कहना है कि, यह व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार है और अपनी इक्षाओं को पाकिस्तान के हितों से ऊपर रखता है. उन्होंने कहा, “अब यह सिर्फ राजनीति का मामला नहीं है. यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बन चुका है. उनके इगो और गुस्से ने उसे अंधा कर दिया है.”

सेना प्रवक्ता ने कहा कि यह व्यक्ति ऐसा सोचता है कि अगर वह सत्ता में नहीं है, तो कोई भी देश नहीं चला सकता है. उनकी निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ माहौल बनाने का काम कर रहा है. उन्होंने साफ कहा कि सेना और उसकी लीडरशिप पर हमले अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और इस नैरेटिव के खिलाफ “बिना डरे लड़ाई जारी रहेगी”

भारतीय मीडिया से जुड़ा आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजी आईएसपीआर ने दावा किया कि इमरान खान की बहनों ने इंटरव्यू दिए, जिन्हें भारतीय टीवी चैनलों पर प्रसारित किया गया है. यह बात सेना के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि सेना का आरोप है कि इससे पाकिस्तान का गलत संदेश बाहर जा रहा है. इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इमरान खान के नाम से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कई संदेश भारत और अफगानिस्तान के अकाउंट्स से फैलाए जा रहे हैं.

जेल में मुलाकात और ‘मेंटल टॉर्चर’ का आरोप
इमरान खान इस समय अडियाला जेल में बंद हैं. उनकी बहन उजमा खान ने हाल ही में उनसे मुलाकात की थी. उन्होंने मीडिया से कहा कि इमरान खान बहुत गुस्से में हैं. उजमा के अनुसार, खान का आरोप है कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है. इमरान ने अपनी बहन से कहा कि उन्हें दिनभर बंद रखा जाता है और किसी से बात करने की अनुमति नहीं है. उन्होंने सीधे तौर पर सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को इसका जिम्मेदार ठहराया है.

टकराव और बढ़ने के संकेत
पाकिस्तान की राजनीति में यह संघर्ष और खतरनाक मोड़ की ओर बढ़ता दिख रहा है. एक तरफ सेना का कहना है कि देश की सुरक्षा दांव पर है, वहीं इमरान खान के समर्थक दावा करते हैं कि सेना उन्हें खत्म करने की कोशिश कर रही है.