Japan Megaquake Warning: जापान की मौसम एजेंसी ने इस सप्ताह देश में ‘मेगाक्वेक’ यानी महाभूकंप आने की आधिकारिक चेतावनी जारी की है. यह सबसे हाई लेवल का अलर्ट है, जो सोमवार को ओमोरी तट पर आए 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद जारी किया गया है.
‘मेगाक्वेक’ का मतलब 8.0 या उससे अधिक तीव्रता वाला भूकंप होता है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा होता है तो यह होक्काइडो से लेकर चिबा तक, जापान के पूरे प्रशांत तट पर बड़ी सुनामी ला सकता है. आपको बता दें कि यह चेतावनी प्रणाली 2022 में शुरू होने के बाद पहली बार सबसे ऊंचे स्तर पर जारी की गई है.
लोगों को तुरंत तैयारी के निर्देश
अधिकारियों ने प्रशांत तट के पास रहने वाले लोगों को पूरे सप्ताह अलर्ट रहने और किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है. उन्हें ये जरूरी कदम जैसे निकासी मार्गों की समीक्षा करें, और आपातकालीन सामानल को इकट्ठा करें, साथ ही घर के अंदर भारी सामानों को सुरक्षित बांध लिजिए और कई दिनों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी और पोर्टेबल सैनिटेशन की व्यवस्था रख लें.
प्रधानमंत्री ने दी सख्त चेतावनी
प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने कहा, “सोमवार के भूकंप के कारण, होक्काइडो से सानरिकु अपतटीय क्षेत्र में एक बड़े भूकंप की संभावना सामान्य समय की तुलना में अधिक है.” उन्होंने नागरिकों से “उचित आपदा-रोकथाम उपाय” करने और तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा, “हम लोगों के जीवन को प्राथमिकता दे रहे हैं और जो कुछ भी कर सकते हैं वह कर रहे हैं.”
सोमवार के भूकंप से क्या हुआ?
सोमवार को आए 7.5 तीव्रता के भूकंप से कम से कम 33 लोग घायल हुए थे और सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी. कई क्षेत्रों में 7 से 27 इंच ऊंची लहरें देखी गईं, हालांकि विशेषज्ञों ने 10 फीट ऊंची सुनामी लहरों की आशंका जताई थी.
सोमवार के भूकंप के बाद लगभग 90,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था. प्रधानमंत्री ने नागरिकों से पूरे सप्ताह आफ्टरशॉक्स के लिए तैयार रहने और “जैसे ही आपको कोई झटका महसूस हो, तुरंत बाहर निकलने” का आग्रह किया है.