‘तुरंत ईरान छोड़ दो’, ईरान में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए भारत की एडवाइजरी, अमेरिका से युद्ध की आहट तेज!

India issued advisory: परमाणु कार्यक्रम पर समझौते को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है. इस बीच भारतीय दूतावास ने ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी है. इसके अलावा नागरिकों से अपनी यात्रा का विवरण और दस्तावेज भी तैयार रखने को कहा गया है. सोमवार को भारत ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की. ईरान में रहने वाले भारतीयों को दूतावास के साथ संपर्क में रहने को भी कहा गया है.

दरअसल, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को अपनी पिछली एडवाइजरी को दोहराते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग बदलती स्थिति पर नजर रखें और जल्द से जल्द उड़ानों और अन्य किसी भी विकल्प की मदद से ईरान छोड़ दें.

एडवाइजरी में क्या लिखा गया?
भारतीय दूतावास ने अपनी इस एडवाइजरी में कहा कि पांच जनवरी को भारत सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी की निरंतरता में और ईरान में बदलती स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (जिनमें छात्र, व्यापारी, पर्यटक और तीर्थयात्री शामिल हैं) को उपलब्ध परिवहन साधनों का इस्तेमाल करते हुए तत्काल ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है.

वहीं, आगे दोहराते हुए बताया गया है कि 14 जनवरी 2026 की एडवाइजरी के अनुसार, इस सलाह में ईरान में मौजूद भारतीयों से सावधानी बरतने, विरोध प्रदर्शन वाले स्थानों पर जाने से बचने, दूतावास के संपर्क में रहने और अपनी यात्रा से जुड़े दस्तावेजों को तैयार रखने की अपील की गई है. इसके अलावा मदद के लिए आपतकालीन हेल्पलाइन नंबर और दूतावास के संपर्क विवरण दिए गए हैं.

पंजीकरण कराने की सलाह
तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सलाह दी है कि जिन भारतीयों ने अभी तक दूतावास में पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे अनुरोध किया जाता है कि वे आधिकारिक लिंक के माध्यम से जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें. इस एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि अगर कोई नागरिक ईरान में इंटरनेट सेवा में आ रही परेशानियों के कारण कोई पंजीकरण नहीं करा पा रहा है, तो उनसे भारत में रहने वाले परिवार के सदस्यों से यह पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.

सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास की ओर से कई इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. इसमें +989128109102, +989128109115, 989128109109 और +989932179359 शामिल हैं. वहीं, नागरिक [email protected] पर भी ईमेल कर के संपर्क कर सकते हैं और मदद ले सकते हैं.

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर
गौरतलब है कि भारत की ओर से ये एडवाइजरी अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच जारी की गई है. पिछले दिनों अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को परमाणु कार्यक्रम पर नए समझौते के लिए 10 से 15 दिनों की मोहलत दी है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि अगर ये समझौता असफल होता है, तो परिणाम बेहद बुरे होंगे.