पीएम मोदी ने मिजोरम को दी करोड़ों की सौगात, फिर क्यों मांगी माफी? जानिए संबोधन की 5 बड़ी बातें

PM Modi in Mizoram : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर तक 5 राज्यों के दौरे पर हैं. इस दौरे पर वो मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार राज्यों में जाएंगे और इस दौरान वहां की जनता को संबोधित करेंगे. फिलहाल पीएम मोदी अपने दौरे के पहले दिन मिजोरम पहुंचे हैं. मिजोरम में खराब मौसम के चलते पीएम मोदी ने मिजोरम के हवाई अड्डे पर से ही आइजोल नहीं पहुंच पाने का दुख जताया और वहां की जनता से माफी भी मांगी. दर असल खराब मौसम के चलते पीएम मोदी आइजोल नहीं पहुंच पाए.

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से खेलों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर की प्रतिभा ने देश को कई चैंपियन दिए हैं. उन्होंने घोषणा की कि नई खेल नीति के साथ सरकार क्षेत्र में खेल अर्थव्यवस्था को और विकसित करेगी, ताकि यहां के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलें और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें.

प्रधानमंत्री ने मिज़ोरम के स्थानीय उत्पादों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राज्य के बांस के उत्पाद, जैविक अदरक और केले न केवल देशभर में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान रखते हैं. इनकी ब्रांडिंग और विपणन को प्रोत्साहन देकर मिज़ोरम की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी जाएगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी के कारण कीमतों में भारी गिरावट आई है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 2014 में दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर जहां 27 प्रतिशत तक कर लगता था, वहीं अब यह घटकर केवल 5 प्रतिशत रह गया है. इससे न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिली है, बल्कि बाजार में भी पारदर्शिता और सरलता आई है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है. उन्होंने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था का विकास हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. लोगों के सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का निर्माण होगा.

प्रधानमंत्री ने मिज़ोरम हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद बताया कि वे आइज़ोल में तय मुलाकात के लिए नहीं आ पाए क्योंकि वहां खराब मौसम था. बावजूद इसके उन्होंने कहा कि वे हवाई अड्डे से ही वहां के लोगों की अपार स्नेह और समर्थन को दिल से महसूस कर सकते हैं. प्रधानमंत्री ने मौसम की वजह से प्रत्यक्ष मिलन न हो पाने पर खेद जताया, लेकिन स्थानीय जनसमूह के स्वागत और अपनत्व की भावना का आभार व्यक्त किया.