Ind Vs Pak Match: पहलगाम आतंकी हमले के शिकार शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या द्विवेदी ने रविवार को होने वाले एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच आगामी क्रिकेट मैच का बहिष्कार करने का आह्वान किया. ऐशन्या द्विवेदी ने लोगों से आग्रह किया कि वे टेलीविजन पर भी मैच न देखें. उन्होंने एएनआई से कहा कि मैं इसे समझ नहीं पा रही हूं. मैं लोगों से इसका बहिष्कार करने का आग्रह करती हूं. इसे देखने न जाएं और इसके लिए अपना टीवी भी न चलाएं.
BCCI मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदनशील नहीं: ऐशन्या
ऐशन्या द्विवेदी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि बोर्ड आतंकवादी हमले में मारे गए 26 लोगों के परिवारों के प्रति संवेदनशील नहीं है. द्विवेदी ने कहा कि बीसीसीआई को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच स्वीकार नहीं करना चाहिए था. मुझे लगता है कि बीसीसीआई उन 26 परिवारों और ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के प्रति भावुक नहीं है. भारतीय क्रिकेट टीम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि कुछ क्रिकेटरों को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का बहिष्कार करने के लिए आगे नहीं आया. उन्होंने कहा कि हमारे क्रिकेटर क्या कर रहे हैं? कहा जाता है कि क्रिकेटर राष्ट्रवादी होते हैं. इसे हमारा राष्ट्रीय खेल माना जाता है. एक-दो क्रिकेटरों को छोड़कर किसी ने आगे आकर यह नहीं कहा कि हमें पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार करना चाहिए. बीसीसीआई उन्हें बंदूक की नोक पर खेलने के लिए मजबूर नहीं कर सकता. उन्हें अपने देश के लिए खड़ा होना चाहिए. लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं.
14 सितंबर को होगा भारत-पाकिस्तान मैच
मैच से होने वाली कमाई पाकिस्तान जाने पर चिंता जताते हुए पहलगाम हमले के पीड़ित की पत्नी ने कहा कि मैं प्रायोजकों और प्रसारकों से पूछना चाहती हूं कि क्या उन 26 परिवारों की राष्ट्रीयता समाप्त हो गई है? मैच से होने वाली कमाई का इस्तेमाल किस लिए किया जाएगा? पाकिस्तान इसका इस्तेमाल सिर्फ आतंकवाद के लिए करेगा. वह एक आतंकवादी देश है. आप उन्हें कमाई देंगे और उन्हें हम पर एक बार फिर हमला करने के लिए तैयार करेंगे. बता दें, भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें संयुक्त अरब अमीरात में चल रहे एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को एक मैच खेलने के लिए तैयार हैं क्योंकि केंद्र ने टीम को बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति दे दी है, जबकि कोई द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेलने का रुख जारी है