प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे भारत के सबसे बड़े क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन, जानिए क्या है खासियत

Mumbai International Cruise Terminal: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को गुजरात के भावनगर के जवाहर मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भाग लेंगे और 34200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

क्यों खास है मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समुद्री क्षेत्र है, जहां पीएम मोदी 7870 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे. इन पहलों में प्रमुख भारतीय बंदरगाहों पर महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है. जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी इंदिरा डॉक पर मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे. बता दें कि मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल का निर्माण साल 2018 में शुरू किया गया था. यह टर्मिनल लगभग 4.15 लाख वर्ग फुट में फैला हुआ है. इस टर्मिनल में करीब 300 गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा मौजूद है. खास बात यह है कि यह टर्मिनल एक समय में 2 क्रूज जहाजों को संभाल सकता है.

इसके अलावा पीएम मोदी कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर एक नए कंटेनर टर्मिनल की आधारशिला रखेंगे. इसके अतिरिक्त पीएम मोदी पारादीप बंदरगाह (ओडिशा) में एक नया कार्गो बर्थ और कंटेनर हैंडलिंग सुविधाएं, गुजरात में टूना टेकरा मल्टी-कार्गो टर्मिनल, और कामराजर बंदरगाह (एन्नोर, तमिलनाडु), चेन्नई बंदरगाह, कार निकोबार द्वीप, दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) में आधुनिकीकरण परियोजनाएं और पटना और वाराणसी में अंतर्देशीय जलमार्ग सुविधाएं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

गुजरात में 26354 करोड़ की परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

प्रधानमंत्री अकेले गुजरात में 26354 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का एक बड़ा पोर्टफोलियो भी पेश करेंगे जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा, बंदरगाह अवसंरचना, सड़क मार्ग, स्वास्थ्य सेवा और शहरी परिवहन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी राज्य में संपर्क और व्यापार मार्गों में सुधार के लिए 70 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों को चार लेन का बनाने की परियोजना का भी शुभारंभ करेंगे. बता दें, प्रधानमंत्री धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे, जिसकी परिकल्पना एक ग्रीनफील्ड औद्योगिक शहर के रूप में की गई है, जो टिकाऊ औद्योगिकीकरण, स्मार्ट बुनियादी ढांचे और वैश्विक निवेश पर आधारित होगा.