घर की कीमत से भी ज्‍यादा क‍िराया बढ़ने की रफ्तार, NCR के इस शहर में 30 प्रत‍िशत बढ़ा रेंट

Rental House: कुछ द‍िन पहले आई र‍िपोर्ट से सामने आया था क‍ि द‍िल्‍ली-एनसीआर में तेजी से प्रॉपर्टी की कीमत में इजाफा हुआ है. र‍िपोर्ट के आधार पर बताया गया क‍ि प‍िछले एक साल के दौरान द‍िल्‍ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में प्रॉपर्टी के दाम में 19 प्रत‍िशत की तेजी आई है. घरों की कीमत में इजाफे को लेकर यह एर‍िया देश में सबसे आगे न‍िकल गया है. अब रेंट के मामले में भी द‍िल्‍ली-एनसीआर ने पूरे देश को पीछे छोड़ दिया है.

शहरों में क‍िराये की रफ्तार धीमी पड़ रही
देश के बाकी शहरों में क‍िराये की रफ्तार धीमी पड़ रही है, वहीं जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में ग्रेटर नोएडा में किराये की मांग 29.5% तक बढ़ गई. ग्रेटर नोएडा के बाद दिल्ली में 17.8% और नोएडा में 10.8% की ग्रोथ दर्ज की गई. पूरे देश में किराये की मांग महज 0.2% बढ़ी है, लेकिन NCR में इसमें तूफानी तेजी बनी हुई है. रिपोर्ट से सामने आया है क‍ि देश में किराया बढ़ने की रफ्तार पर लगाम लगी है, लेकिन फिर भी औसत किराया 4.4% तिमाही और 18.1% तक सालाना बढ़ा है.

दिल्ली में सप्लाई भी 17.6% बढ़ी
शहरों की बात करें तो ठाणे में सबसे ज्यादा 12.5% की ग्रोथ आई है. इसके बाद चेन्‍नई 6.7%, मुंबई 4.9% और दिल्ली में 4.5% की तेजी आई है. दिल्ली में सप्लाई भी 17.6% बढ़ी है, जो देश में सबसे ज्यादा है. मैज‍िकब्र‍िक्‍स के सीएमओ प्रसून कुमार ने बताया क‍ि रेंट मार्केट अब बैलेंस की तरफ बढ़ रहा है. कई तिमाही की तेजी के बाद सप्लाई डिमांड के करीब आ रही है. लेकिन NCR में इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर बेहतर कनेक्टिविटी और मिड-साइज घर की सप्लाई से किराया तेजी बनी हुई है.

क्‍या है किरायेदारों की चाहत?
किरायेदारों की पसंद में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है. देशभर में 44% लोग 2BHK चाहते हैं, 32% 1 BHK और 51% लोग सेमी-फर्निश्ड घर में रहना पसंद कर रहे हैं. 500-1500 स्‍कवायर फीट के घरों में 77% किरायेदारों की रुच‍ि है. ये ट्रेंड ग्रेटर नोएडा और नोएडा एक्सटेंशन में तेजी से मैच कर रहा है.