RJD को दिया था 25 सीट पर सिमटने का श्राप, सच हुई बात

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में आरजेडी को करारी हार का सामना करना पड़ा है. वहीं इन नतीजों के बाद आरजेडी के नेता मदन शाह का पिछले महीने का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने टिकट कटने के बाद आरजेडी को 25 सीटों पर सिमटने का श्राप दिया था और उनका ये श्राप एकदम सच साबित हुआ. विधानसभा चुनाव में आरजेडी सच में 25 सीटों पर सिमटकर रह गई.

वहीं चुनाव में राजद की इस हार पर भी मदन शाह का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि पार्टी की इस हार से मेरा मन दुखी तो है लेकिन भगवान जो करता है अच्छे के लिए ही करता है. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग पार्टी को बर्बाद करने में लगे हैं और जब तक उन्हें पार्टी से बाहर नहीं निकाला जाता, पार्टी को भला नहीं हो सकता है.

कहा था तेजस्वी यादव नहीं बनाएंगे सरकार
बता दें कि पिछले महीने टिकट कटने पर आरजेडी नेता मदन शाह ने कहा था, “वे सरकार नहीं बनाएगा, तेजस्वी बहुत घमंडी हैं, लोगों से मिलते नहीं. वे टिकट बांट रहे हैं. संजय यादव ये सब कर रहे हैं. मैं यहां मरने आया हूं. लालू यादव मेरे गुरु हैं. उन्होंने कहा था कि वे मुझे टिकट देंगे. उन्होंने बीजेपी के एजेंट संतोष कुशवाहा को टिकट दिया.”

‘मुझसे टिकट देने का किया था वादा’
उन्होंने ये भी कहा था, “2020 में, लालू जी ने मुझे रांची बुलाया और तेली समुदाय की जनसंख्या का एक सर्वेक्षण करवाया और बताया कि मदन शाह मधुबन विधानसभा क्षेत्र से रणधीर सिंह को हराएंगे. तेजस्वी यादव और लालू यादव ने मुझे बुलाया था, उन्होंने कहा था कि वे मुझे टिकट देंगे. मैं 90 के दशक से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं. मैं एक गरीब आदमी हूं, मैंने अपनी जमीन तक बेच दी.”