गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर तीर्थयात्रियों के एक समूह की खुशी उस वक्त फीकी पड़ गई, जब उन्हें वाघा सीमा पार करने के बावजूद पाकिस्तान में आगे बढ़ने से रोक दिया गया। सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान में प्रवेश करने वाले हिंदू तीर्थयात्रियों को सभी आव्रजन औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी, पाकिस्तानी अधिकारियों ने अचानक रोक दिया। ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली और लखनऊ के परिवारों सहित हिंदू तीर्थयात्रियों को अपमानित होकर वापस लौटना पड़ा। पाकिस्तानी अधिकारियों ने घोषणा की कि ननकाना साहिब में पवित्र स्थल के लिए बस में केवल उन्हीं लोगों को जाने दिया जाएगा जिनके यात्रा दस्तावेजों में ‘सिख’ अंकित है। एक तीर्थयात्री ने बताया, “उन्होंने हमसे कहा कि ‘आप हिंदू हैं, आप सिख जत्थे के साथ नहीं जा सकते’।”
पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए कुल 2,100 से अधिक वीजा को मंजूरी दी थी, लेकिन आधिकारिक सिख समूह के हिस्से के रूप में केवल 1,796 ही सीमा पार कर पाए। लगभग 300 यात्रियों, जिनमें सिख और हिंदू दोनों शामिल थे, को कथित प्रक्रियात्मक खामियों के कारण प्रवेश से वंचित कर दिया गया। हालांकि, हिंदुओं का कहना है कि उनके यात्रा दस्तावेजों में धार्मिक पहचान के आधार पर उन्हें विशेष रूप से अलग किया गया।
वीजा तीर्थयात्रा के लिए नहीं था?
सरकारी सूत्रों ने बताया कि जिन व्यक्तियों को रोका गया, उनमें से कुछ पहले पाकिस्तान में रह चुके थे और बाद में उन्होंने भारतीय नागरिकता हासिल कर ली थी। सूत्रों ने आगे कहा कि वे कथित तौर पर तीर्थयात्रा के उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने परिचितों से मिलने के लिए पाकिस्तान जाना चाहते थे, जैसा कि उन्होंने भारतीय एजेंसियों को बताया था।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, “प्रवेश से इनकार करने का निर्णय पाकिस्तान के संप्रभु अधिकार क्षेत्र में आता है और भारत इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई आपत्ति नहीं उठा सकता है।”
वापस लौटाए गए हिंदुओं के लिए यह घटना बेहद निराशाजनक रही। ‘टीओआई’ ने दिल्ली के श्रद्धालु अमर चंद के हवाले से बताया कि कैसे उनके परिवार ने सीमा पार की, आव्रजन पूरा किया, बस के टिकट खरीदे लेकिन अंतिम क्षण में उन्हें रोक दिया गया और वापस लौटने के लिए कहा गया। यह परिवार गुरु नानक देव जी के पवित्र स्थलों पर सिख तीर्थयात्रियों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करने की उम्मीद कर रहा था।
भारतीय सिख तीर्थयात्रियों का पहला जत्था मंगलवार को अटारी-वाघा सीमा पार करके पाकिस्तान में प्रवेश कर चुका है ताकि ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्मस्थान में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व समारोह में भाग ले सके। सिख धर्म के संस्थापक की 556वीं जयंती का मुख्य समारोह बुधवार, 5 नवंबर को है।