कार में किसी और को जलाकर मार डाला था: 16 साल बाद जिंदा निकाला मरा हुआ बेटा

गाजियाबाद। इस मामले में 2023 में अहमदाबाद पुलिस ने एक फर्जीवाड़े में अनिल सिंह को गिरफ्तार किया तब उसकी हत्या की झूठी कहानी का पता चला।
आगरा में युवक की हत्या कर फर्जी बीमा दावा पेश कर एलआईसी से 72 लाख रुपये का बीमा क्लेम पाने के फर्जीवाड़े में मुकदमा दर्ज किया गया है। बीमा कंपनी के विधिक प्रबंधक ने सिहानी गेट थाने में पिता-पुत्र सहित पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बीमा कराने वाले पिता ने बेटे को मृतक बताकर बीमा कंपनी से फर्जीवाड़ा किया है। आगरा में बीते वर्ष जनवरी में ही इस फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज किया गया था।

2003 से 2006 तक कराई गई थी चार पॉलिसी
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि सिहानी क्षेत्र स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम के विधिक प्रबंधक के मुताबिक गौतमबुद्धनगर के भट्ठा पारसौल निवासी अनिल सिंह ने वर्ष 2003 से 2006 तक चार बीमा पॉलिसी कराई। बाद में विजयपाल सिंह ने 2006 में बीमा कंपनी को सूचित किया कि उनके बेटे अनिल की आगरा में सड़क हादसे में जलकर मौत हो गई है। इसके बाद बीमा कंपनी ने करीब 72 लाख रुपये का भुगतान मृतक के पिता विजयपाल सिंह को कर दिया।

17 साल बाद हुआ खुलासा
इस मामले में 2023 में अहमदाबाद पुलिस ने एक फर्जीवाड़े में अनिल सिंह को गिरफ्तार किया तब उसकी हत्या की झूठी कहानी का पता चला। अहमदाबाद पुलिस की सूचना पर आगरा के रकाबगंज थाने में युवक की हत्या का केस दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि अनिल सिंह की मौत हुई ही नहीं थी। 30 जुलाई 2006 को विजयपाल सिंह, उनके बेटे अभय सिंह, अनिल सिंह उर्फ गुड्डू और महिपाल व रामवीर सिंह ने ट्रेवल्स में नुकसान होने पर योजना बनाई। इसके बाद अनिल सिंह ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर एक अर्द्धविक्षिप्त युवक को खाना खिलाने के बहाने बुलाया। खाना खिलाकर युवक को अनिल सिंह के कपड़े पहनाए और नशीली दवा पिलाकर कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया।

ऐसे हुआ खुलासा
आरोपियों ने आगरा स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के नजदीक कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और अनिल की जलकर मौत होने की अफवाह फैला दी। कार से शव निकालकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। यह पूरी साजिश बीमा राशि हड़पने के लिए रची गई थी। अहमदाबाद पुलिस ने एक फर्जीवाड़े में अनिल सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया तो वर्ष 2006 में की गई हत्या का खुलासा हुआ। भारतीय जीवन बीमा निगम के विधिक प्रबंधक ने विजयपाल सिंह, अनिल सिंह, अभय सिंह और महिपाल सिंह व रामवीर सिंह निवासी भट्ठा पारसौल के खिलाफ सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।