अभी ऐलान भी नहीं हुआ और नेतन्याहू ने ट्रंप को पहना दिया नोबेल पुरस्कार, कहा- वह हकदार हैं

Israel-US Relationship: मेडिसिन, कैमिस्ट्री, फिजिक्स और साहित्य के नोबेल पुरस्कारों का ऐलान हो चुका है. अब सबकी निगाहें नोबेल के शांति पुरस्कार पर है, जिसे पाने की बीन ना जाने कितनी बार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बजा चुके हैं. शांति पुरस्कार का ऐलान होना बाकी है. लेकिन उससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री ने एक AI तस्वीर पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की है, जिसमें वह डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल का शांति पुरस्कार पहना रहे हैं.

इस तस्वीर में डोनाल्ड ट्रंप के गले में शांति का नोबेल पुरस्कार नजर आ रहा है और उनके बगल में बेंजामिन नेतन्याहू खड़े हैं. पीछे लोग तालियां बजा रहे हैं. इस फोटो के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा- डोनाल्ड ट्रंप को दो नोबेल का शांति पुरस्कार, वह इसके हकदार हैं.

दरअसल, हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और हमास के बीच सीजफायर और बंधक छोड़ने की एक डील की घोषणा की है. नेतन्याहू ने जुलाई में ट्रंप के नॉमिनेशन का एक खत भेजा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ट्रंप ने ‘क्षेत्रवार अमन कायम’ किया है.

वाइट हाउस में बातचीत के दौरान ट्रंप को लेटर देते हुए नेतन्याहू ने कहा था, ‘मैं राष्ट्रपति ट्रंप को वह लेटर देना चाहता हूं, जो मैंने नोबेल पुरस्कार वाली कमेटी को भेजा है. यह आपका नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकन है, जिसके आप हकदार हैं और यह आपको मिलना चाहिए.’

हालांकि ट्रंप ने बीते कुछ महीनों से लगातार खुद के लिए नोबेल पुरस्कार की मांग की है लेकिन उनके कुछ हालिया बयान से लगता कि उम्मीदें धुंधली पड़ गई हैं. जब उनसे नोबेल शांति पुरस्कार जीतने के चांस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे कोई आइडिया नहीं है. मार्को आपके बताएं कि हमने 7 युद्ध रुकवाए हैं और आठवां रुकवाने की कगार पर हैं. मुझे लगता है कि हम रूस की स्थिति का भी अंत कर देंगे. मुझे नहीं लगता कि इतिहास में किसी ने भी इतने युद्ध रुकवाए हैं. लेकिन उन्हें मुझे पुरस्कार नहीं देने का कोई ना कोई कारण मिल जाएगा.’

इजरायल और हमास ने गुरुवार (9 अक्तूबर 2025) को सीजफायर और फिलिस्तीनी कैदियों के बदले में इजरायली बंधकों को रिहा करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, यह समझौता गाजा में युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के पहले चरण का हिस्सा है.