घने कोहरे में 4 डिग्री लुढ़केगा पारा, क्या बारिश होगी? साल के आखिरी हफ्ते को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट

साल 2025 का आखिरी हफ्ता चल रहा है. नए साल के वेलकम से पहले मौसम बदलने वाला है. दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ घंटों में तेज हवा के चलते कोहरे भले छंटे हों लेकिन पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ने वाली है. साल के आखिरी हफ्ते को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट किया है कि यूपी, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 तक बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 तक, जम्मू के अलग-अलग इलाकों में 27 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है. बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर असम के कुछ इलाकों में 29 तक, पश्चिम बंगाल और पूर्वी एमपी में 26 तक, पूर्वोत्तर भारत में 26 तक और बिहार में 26 से 28 दिसंबर के दौरान रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं.

उत्तराखंड में 26 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर कोल्ड डे से लेकर भीषण कोल्ड डे (शीत दिवस) की स्थिति रहने की संभावना है. बिहार के अलग-अलग इलाकों में 28 तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 दिसंबर तक शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की बहुत संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 26 और 27 दिसंबर 2025 को शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है.

24 घंटे में गिरने वाला है पारा

– उत्तर – पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 – 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. उसके बाद अगले पांच दिनों तक कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.

– पूर्वी भारत में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की बहुत संभावना है. उसके बाद अगले चार दिनों तक कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.

– उत्तर-पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले पांच दिनों में यानी 26 दिसंबर के बाद 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.

– देश के बाकी हिस्सों में अगले एक हफ्ते के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है.

– स्काईमेट एजेंसी की मानें तो कश्मीर में हो रही भारी बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है. 25 दिसंबर के बाद गुजरात और महाराष्ट्र के तापमान में भी गिरावट हो सकती है. अगला वेस्टर्न डिस्टरबेंस 27 या 28 दिसंबर के आसपास आने की संभावना है.

मौसम की चेतावनी

मौसम विभाग ने सावधान किया है कि घने कोहरे की स्थिति को देखते हुए लेह-लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बिहार, ओडिशा, बंगाल और पूर्वी एमपी में भी येलो अलर्ट है. 25-26 दिसंबर को यही स्थिति बनी रहेगी. शीत लहर के हिसाब से देखें 25 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड के लोगों अलर्ट रहना है. उत्तराखंड, यूपी और बिहार में 25-26 को कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है.

28 तारीख को पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा. घना कोहरा छाया रहेगा. बिहार में कोल्ड डे रह सकता है. 29-30 को भी कुछ ऐसी ही स्थिति रहने वाली है. मौसम विभाग ने बारिश की संभावना नहीं जताई है. इतना जरूर कहा है कि गरज के साथ बिजली और तेज हवा 27, 28 और 29 को अंडमान निकोबार द्वीप में देखने को मिल सकता है. इस कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है.