पुलिस की आंखों में धूल झोंककर गोवा क्लब के दोनों मालिक देश छोड़कर भागे

Goa night club fire news: गोवा नाइट क्लब में 25 मौतों के बाद क्लब के दोनों मालिक देश छोड़कर फरार हो गए हैं. पुलिस उन्हें पकड़ने उनके घर पहुंचती इससे पहले दोनों फ्लाइट पकड़कर फरार हो गए. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नाइट क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और उसका भाई गौरव लूथरा, दोनों दिल्ली के कारोबारी हैं. लूथरा ब्रदर्स ही गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब के मालिक हैं, जहां शनिवार देर रात आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी.

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों में अधिकांश क्लब का स्टाफ और दिल्ली की एक फैमिली भी थी. मरने वालों में नेपाल के लोग भी थे. गोवा नाइट क्लब में आग लगने के कुछ पीड़ितों के पार्थिव शरीर का निगम बोध में अंतिम संस्कार हुआ. गोवा पुलिस के बयान के मुताबिक, लूथरा बंधु 7 दिसंबर दिन रविवार की सुबह 5.30 बजे दिल्ली से फुकेट के लिए इंडिगो 6E 1073 की फ़्लाइट पकड़कर फुर्र हो गए.

लुकआउट नोटिस
गोवा पुलिस जब एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों को कस्टडी में लेने के लिए दिल्ली पहुंची, तब तक दोनों घर छोड़ चुके थे. पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी की, लेकिन कोई नहीं मिला. जिसके बाद कानून के अनुरूप एक नोटिस उनके घर पर चिपका दिया गया. गोवा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 7 दिसंबर की शाम तक दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया. पुलिस ने जब मुंबई में इमिग्रेशन विभाग से संपर्क किया, तो यह हैरान करने वाली जानकारी सामने आई कि दोनों आरोपी घटना के कुछ घंटों बाद ही देश छोड़ चुके थे. इमिग्रेशन रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों सुबह 5:30 बजे फुकेट के लिए उड़ान भरकर फरार हो चुके थे.

गोवा पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स को पकड़ने के लिए सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन से मदद मांगी है. इंटरनेशनल नोटिस के जरिए फुकेट में दोनों की लोकेशन ट्रैक कराई जा रही है. गोवा पुलिस ने आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया है ताकि उससे आगे पूछताछ की जा सके.