पूरे उत्तर भारत में बारिश ने तबाही मचाई हुई है। पंजाब समेत कई राज्यों के मैदानों इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। जबकि पहाड़ों पर आए दिन बादल फटने, लैंड स्लाइड और बाढ़ की डराने वाली खबरें आ रही हैं। उत्तराखंड में बीते कई दिनों में बादल फटने और लैंडस्लाइड की घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले 24 घंटे में ही 273 फीसदी ज्यादा बारिश उत्तराखंड में हो चुकी है। ऐसे कई खौफनाक वीडियो सामने आ रहे हैं, जिन्हें देखकर दिल दहल जा रहा है।
बाढ़ और बारिश की वजह से इंसानों ही नहीं जंगली जानवरों पर भी मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तराखंड तेंदुए, बाघ, हाथी, भालू समेत कई जंगली जानवरों का घर है। लेकिन अब उनके घरों पर भी आफत मच गई है। बाढ़ का ऐसा ही एक भयावह वीडियो सामने आया है, जो उत्तराखंड में जंगली जानवरों पर बरसे कहर की कहानी बयां कर रहा है। बाढ़ में फंसे एक तेंदुए का शव पानी में तैरता दिख रहा है।
उत्तराखंड के मंत्री ने साझा किया वीडियो
उत्तराखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव डॉक्टर पीएम ढकाते ने इस वीडियो को साझा किया है। यह वीडियो सच में दिल तोड़ने वाला है। एक तेंदुए का शव बाढ़ के पानी में तैरता दिख रहा है। उन्होंने वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘दिल तोड़ने वाला नुकसान। उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से आए Flash Flood में एक तेंदुआ डूब गया। प्रकृति की शक्ति सबसे ऊपर है..वाइल्डलाइफ की सुरक्षा के लिए भी सजग रहें।’
उत्तराखंड में तेंदुए
साल 2022 की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में 652 से ज्यादा तेंदुए थे, जिनकी संख्या में 3 साल में बढ़ोतरी ही हुई है। हालांकि 2018 की तुलना में इनकी संख्या में गिरावट देखने को मिली थी। 2018 में उत्तराखंड में 839 तेंदुए थे।
हाथी भी बहा
बीते हफ्ते जिम कॉर्बेट पार्क के एरिया वाले रामनगर से एक वीडियो सामने आया था। एक हाथी कोसी नदी में बहता दिख रहा था। हालांकि अच्छी बात यह रही कि इस हाथी ने बाद में अपना बैलेंस बनाया और खुद को सुरक्षित नदी से बाहर निकालने में कामयाबी हासिल की।
486 से ज्यादा सड़कें बंद
उत्तराखंड में 486 से ज्यादा सड़कें बंद हो चुकी हैं। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 3 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में 38.4 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य से 10.3 एमएम ज्यादा है। IMD के मुताबिक बुधवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
A heartbreaking loss. A Leopard drowned due to flash floods triggered by heavy rains in the Uttarakhand, Himalayas. Nature’s power is immense — let’s stay mindful of wildlife safety. #Uttarakhand #Wildlife #Leopard #Conservation #nature pic.twitter.com/jU7jAldbkg
— Dr. PM Dhakate (@paragenetics) September 1, 2025