मौसम बिगड़ने वाला है! शीतलहर और बारिश का डबल अटैक, IMD का इन इलाकों में अलर्ट

नई दिल्ली: देश भर में मौसम इन दिनों तेजी से करवट ले रहा है और ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस बीच, मौसम विभाग के बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती हवाओं का घेरा भी मौजूद है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु में 18 से 23 नवंबर तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। केरल और माहे में 20 से 23 नवंबर तक बारिश का दौर रहेगा। इसी तरह तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 से 22 नवंबर तक भारी से अति भारी बरसात हो सकती है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की भी आशंका है।

उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। पश्चिम मध्य प्रदेश में 18-19 नवंबर को कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रह सकती है। 20-21 नवंबर को अलग-अलग जगहों पर शीतलहर रहेगी। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, तेलंगाना और विदर्भ में भी 18-20 नवंबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर की चेतावनी है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि 18 से 22 नवंबर तक प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में न जाएं।

ओडिशा के 4 जिलों में शीतलहर की चेतावनी
आईएमडी ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर और 4 जिलों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। सोमवार को उदयगिरि 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मंगलवार सुबह तक झारसुगुड़ा, खोरधा, सुंदरगढ़ और कंधमाल जिलों के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया। कटक, भुवनेश्वर और अंगुल में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। बुलेटिन में कहा गया कि ओडिशा के जिलों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है। यह सामान्य से लगभग 5-7 डिग्री सेल्सियस कम है। अचानक सर्दी पड़ने से ओडिशा के कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तर भारत से लगातार आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

झारखंड के 7 जिलों के लिए शीतलहर अलर्ट
झारखंड के सात जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के कई स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोहरदगा में यह 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के अनुसार, पारे में गिरावट उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हुई। पूर्वी हवाओं के आने से मंगलवार से गिरते पारे से आंशिक राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी से कुछ नमी भी आएगी। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है और उसके बाद अगले दो दिनों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।