नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान की स्थिति को लेकर अफवाहों और दावों का दौर तेजी से बढ़ रहा है। अफगानिस्तान डिफेंस नामक एक एक्स हैंडल ने दावा किया है कि इमरान खान की 17 दिन पहले जेल में रहस्यमय तरीके से हत्या कर दी गई है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद पाकिस्तान में राजनीतिक हलचल मच गई है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताया है।
पीटीआई समर्थकों के साथ हिंसक व्यवहार
इमरान खान की बहनें नूरीन, अलीमा और उज्मा हाल ही में जेल के बाहर अपने भाई से मिलने पहुंची थीं, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। उनकी ओर से आरोप लगाया गया कि पंजाब पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की, बाल पकड़कर घसीटा और प्रदर्शन कर रहे पीटीआई समर्थकों के साथ हिंसक व्यवहार किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अफवाहों का दौर
इमरान खान की पार्टी पीटीआई और उनके समर्थक लगातार उनकी हेल्थ रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं। परिवार का दावा है कि पिछले 23 दिनों से उन्हें इमरान से मुलाकात नहीं करने दी गई, जिससे शक और गहरा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कई पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि इमरान खान की हत्या की गई है और उनके शव को जेल से बाहर ले जाया गया है।
सरकार ने इन दावों को किया खारिज
हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इमरान खान सुरक्षित हैं और जेल में ही मौजूद हैं। अभी तक न तो पाकिस्तान सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट जारी की गई है और न ही किसी पत्रकार या कानूनी प्रतिनिधि को उनसे मिलने की अनुमति दी गई है।