सयानी घोष कौन हैं? कर्ज में डूबी हीरोइन ने ममता बनर्जी को दिया ‘धोखा’, जानें- कितनी है नेटवर्थ

पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) बिखर गई है. 60 से ज्यादा विधायकों के बाद टीएमसी के सांसदों ने भी बगावत कर दी है. वहीं ममता बनर्जी की सबसे खास रहीं सयानी घोष का नाम भी उन 20 बागी सांसदों में शामिल है, जिन्होंने पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी है. चलिए ऐसे में जानते हैं आखिर सयानी घोष कौन हैं और कितनी संपत्ति की मालकिन हैं.

सयानी घोष कौन हैं?
सयानी घोष एक एक्ट्रेस, सिंगर और पॉलिटिशियन हैं. सयानी जब 17 साल की थी, तब उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. उन्होंने साल 2010 में टेलीफिल्म ‘इच्छे दाना’ से बंगाली इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने बड़े पर्दे का रुख किया. उनकी पहली फिल्म ‘नोटोबोर नोटआउट’ थी. इसके बाद सयानी ने ‘शोतरु’, ‘कनामाची’, ‘अंतराल’, ‘एकला चलो’, ‘अमर सहोर’, ‘बिटनून’, ‘मैयर बिये’ और ‘राजकहिनी’ जैसी फिल्मों में काम किया. सयानी ने 2013 और 2014 में जलशा मूवीज के लिए लाइव टेलीकास्ट के दौरान कलकत्ता फुटबॉल लीग की को-होस्टिंग भी की थी.

कितनी है सयानी घोष की नेटवर्थ?
साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान इलेक्शन कमिशन को दिए गए हलफनामे में सयानी घोष ने अपनी संपत्ति का खुलासा किया था. हलफनामे के अनुसार, सयानी घोष की कुल संपत्ति 91.89 लाख रुपये है. वहीं, उनके ऊपर 59 लाख रुपये का कर्ज है. इलेक्शन कमिशन को दिए गए हलफनामे के अनुसार, सयानी घोष के पास 35,000 रुपये कैश है, जबकि बैंक खातों में करीब 10.25 लाख रुपये जमा हैं. ये रकम एचडीएफसी बैंक, यूको बैंक और रेकरिंग डिपॉजिट में रखी गई है.

कोलकाता में है आलीशान घर
सयानी घोष का कोलकाता के गोल्फ ग्रीन में एक आलीशान घर है, जिसकी कीमत 62.64 लाख रुपये है. उनके नाम पर न तो कोई एग्रीकल्चर लैंड है और न ही किसी तरह का प्लॉट. इसके अलावा उनके पास कोई कमर्शियल प्रॉपर्टी भी नहीं है. सयानी घोष के पास चार लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियां हैं, जिनकी कुल मिलाकर 11.03 लाख रुपये की है. इसके अलावा चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपने पास 8 ग्राम सोना होने की जानकारी भी दी थी. सयानी घोष के पास 6 लाख रुपये की एक होंडा जैज कार भी है.