दिल्ली-NCR में कोहरे का येलो अलर्ट, 25 की स्पीड से चलेगी हवा; 6 दिन का हाल

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में मौसम बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को सुबह घने कोहरा दिखा। इसका असर उड़ानों पर भी पड़ा। घने कोहरे की वजह से खराब दृश्यता के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 60 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं जबकि 5 विमानों को डायवर्ट करना पड़ा। 250 से अधिक उड़ानें विलंबित हुईं। इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी मंगलवार को भी मध्यम से घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग ने सोमवार रात को हल्का कोहरा छाने की संभावना जताई है, लेकिन मंगलवार को सुबह के वक्त दिल्ली में कोहरा छाने का अनुमान जारी किया है। IMD ने दिल्ली में मंगलवार को सुबह के समय कई जगहों पर मध्यम कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर घना कोहरा भी देखा जा सकता है। यह पलूशन के साथ मिलकर स्मॉग का रूप भी ले सकता है। दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

25 की स्पीड से चल सकती है हवा
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के हिस्सों में दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं भी चलने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की तेज स्पीड से पलूशन में मामूली कमी आ सकती है लेकिन यह तात्कालिक मौसमी परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगी। इसके बाद बुधवार को दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का कोहरा नजर आने का अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहेगा।

इसके बाद सुबह हल्का कोहरा
मौसम विभाग ने दिल्ली में 17 दिसंबर यानी बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 18, 19 और 20 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। 18 दिसंबर को भी दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

तीन दिन हल्के बादलों की आवाजाही
मौसम विभाग ने 19, 20 और 21 दिसंबर को दिल्ली में हल्के बादलों की आवाजाही का अनुमान जताया है। ऐसा एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो सकता है। मौसम विभाग ने 17 दिसंबर को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की संभावना जताई है। हालांकि तीनों ही दिन सुबह के वक्त हल्का कोहरा दिखने का अनुमान है। 21 दिसंबर को दिल्ली में मध्यम कोहरा नजर आ सकता है। एनसीआर के इलाकों में भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।