हरियाणा स्पा सेंटर पर रेड: 3 लड़कियों और एक लड़के को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा

इस खबर को शेयर करें

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में बुधवार को एक बार फिर पुलिस ने स्पा सेंटर पर रेड की। इस बार 3 लड़कियों और एक लड़के को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। इससे साफ है कि स्पा सेंटर की आड़ में शहर में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी शहर के सेक्टर-3 एरिया में राजेश पायलट चौक के पास प्रथम मंजिल पर एक स्पा सेंटर खुला हुआ है। स्पा सेंटर पर किसी तरह का कोई बोर्ड नहीं लगाया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस स्पा सेंटर में देह व्यापार का धंधा किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर बुधवार की दोपहर बाद मॉडल टाउन पुलिस ने रेड की तो वहां 3 लड़कियां और एक लड़का आपत्तिजनक हालत में मिले।

पकड़े गए लड़के को लेकर जाती पुलिस।
पुलिस ने चारों को हिरासत में लिया और फिर थाना भेज दिया। पुलिस की तरफ से अभी रेड से संबंधित ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस चारों आरोपियों को मॉडल टाउन थाना लेकर पहुंची। रेड के दौरान महिला एएसपी भी मौजूद रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

बता दें कि 6 दिन पहले भी पुलिस ने शहर के धारूहेड़ा चुंगी स्थित एक स्पा सेंटर पर रेड की थी। जहां से पुलिस ने 10 लड़कियों सहित 14 लोगों को पकड़ा गया था। पूछताछ में पता चला कि स्पा सेंटर में देह व्यापार का धंधा चल रहा था। वहीं अभी भी कुछ अन्य जगह खुले स्पा सेंटर में इसी तरह का धंधा चल रहा है। पुलिस की कार्रवाई से स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा करने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।