राजस्थान में 18 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर;बालोतरा SP फील्ड से हटे

राजस्थान की पुलिस व्यवस्था में मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। राज्य सरकार ने एक साथ 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियां तय कर दीं। इस फेरबदल की सबसे ज्यादा चर्चा जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट और बालोतरा एसपी के तबादले को लेकर हो रही है। खास बात यह है कि जोधपुर के पुलिस कमिश्नर शरत कविराज को नियुक्ति के महज पौने पांच महीने बाद ही बदल दिया गया, जबकि बालोतरा रिफाइनरी से जुड़े घटनाक्रमों के दौरान सुर्खियों में रहे एसपी रमेश को भी फील्ड पोस्टिंग से हटाकर जयपुर भेज दिया गया।

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में दो डीजी स्तर के अधिकारी, दो आईजी रेंज, एक पुलिस कमिश्नर और चार जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। सरकार के इस कदम को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

जोधपुर कमिश्नरेट में फिर बदलाव
सबसे बड़ा बदलाव जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुआ है। 23 फरवरी 2026 को पुलिस कमिश्नर बनाए गए शरत कविराज को अब आईजी क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारी दी गई है। यानी पांच महीने का कार्यकाल भी पूरा नहीं हो पाया और सरकार ने उन्हें नई भूमिका में भेज दिया।

उनकी जगह अंशुमन भोमिया को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। भोमिया इससे पहले आईजी एसएसबी के पद पर कार्यरत थे। जोधपुर जैसे बड़े शहर में लगातार हो रहे प्रशासनिक बदलाव को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

चार जिलों में बदले पुलिस कप्तानसरकार ने चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भी बदल दिया है।

* जोधपुर ग्रामीण की एसपी पीडी नित्या को अब एसीबी, जोधपुर में एसपी बनाया गया है। उनकी जगह पंकज यादव नए एसपी होंगे।

* हनुमानगढ़ में अब बी. आदित्य नए पुलिस अधीक्षक होंगे। वे अभी तक प्रतापगढ़ एसपी थे।

* हनुमानगढ़ के एसपी नरेंद्र सिंह मीणा को 10वीं आरएसी बटालियन, बीकानेर भेजा गया है।

* विशाल जांगिड़ को 10वीं आरएसी बीकानेर से प्रतापगढ़ का नया एसपी बनाया गया है।

इन बदलावों को आगामी कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक चुनौतियों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अजमेर और भरतपुर रेंज को मिले नए आईजी

राज्य सरकार ने दो महत्वपूर्ण पुलिस रेंज में भी नए नेतृत्व की नियुक्ति की है।

अजमेर रेंज आईजी रहे राजेंद्र सिंह अब जयपुर में आईजी सतर्कता होंगे। उनकी जगह डॉ. रवि को अजमेर रेंज का नया आईजी बनाया गया है।

इसी तरह भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चंद बिश्नोई को आईजी पुलिस आधुनिकीकरण एवं कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। अब डॉ. प्रीति चंद्रा भरतपुर रेंज की नई आईजी होंगी। वे पहले आईजी लॉ एंड ऑर्डर के पद पर कार्यरत थीं।