श्रीगंगानगर में 210 किमी बॉर्डर पर हाईटेक CCTV का जाल, अब हर कदम पर…

Sri Ganganagar News: भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में श्रीगंगानगर जिले में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. पाकिस्तान से सटी करीब 210 किलोमीटर लंबी सीमा पर अब हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे हर आने-जाने वाले रास्ते पर पैनी नजर रखी जा सकेगी. इस योजना का मकसद सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अवैध मादक पदार्थों, खासकर हेरोइन, और हथियारों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है.

यह परियोजना मुख्यमंत्री थार सीमा क्षेत्र विकास योजना के तहत लागू की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार इस पर करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. पहले चरण में कुल 44 हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे सीमा से सटे लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में निगरानी क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी.

इन अत्याधुनिक कैमरों को सीमावर्ती क्षेत्र के 44 प्रमुख एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर लगाया जाएगा. श्रीकरणपुर ब्लॉक में 54FA गांव चौराहा, नग्गी रोड स्थित 31H और 42H सर्किल, रूपनगर भारतमाला कट के पास 50F तिराहा, 1V नहर हेड, ईंट भट्ठों के आसपास के इलाके, रड़ेवाला रोड की पीर दरगाह और श्रीगंगानगर रोड पर शिव कुटिया के पास जैसे संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं.