राजस्थान में चौथ माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर कपास से भरा ट्रक गिरा; 3 की मौत

राजस्थान के बूंदी जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कपास से भरा ट्रक बेकाबू होकर सड़क के किनारे चल रहे श्रद्धालुओं के ऊपर पलट गया। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 8 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का कोटा के एमबीएस अस्पताल में उपचार चल रहा है।

यह हादसा बूंदी जिले के देई खेड़ा थाना इलाके में पापड़ी लबान के पास हुआ। सभी श्रद्धालु चौथ माता मंदिर जाने के लिए पैदल यात्रा कर रहे थे। सूचना के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी एमबीएस अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी। स्पीकर बिरला ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की घायलों के इलाज में किसी भी तरह के लापरवाही न बरती जाएं।

स्पीकर बिरला ने कहा कि ऐसा कॉरिडोर बनना चाहिए कि पैदल यात्रा करने वाले लोगों को कोई समस्या ना हो। हादसा काफी दुखद और गंभीर है। इस तरह के हादसों की पुनरावृति ना हो, इसके लिए बेहतर प्रयास करने की जरूरत है।

घायल श्रद्धालुओं ने बताया कि लबान के पास अचानक पीछे से तेज गति से आ रहा ट्रक श्रद्धालुओं को टक्कर मारते हुए असंतुलित हो गया और आगे चल रहे श्रद्धालुओं के ऊपर पलट गया। इससे श्रद्धालु ट्रक के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में सांवरा, राजाराम और एक अन्य श्रद्धालु की मौत हुई है। कोटा रेंज के आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि यह हादसा काफी दुखद है और वो खुद नेशनल हाईवे की टीम के साथ मौके पर जाकर जांच करेंगे। यदि कोई तकनीकी खामियां सामने आती है तो उसको दूर किया जाएगा। साथ ही अब जो यात्री पैदल यात्रा कर रहे हैं उनके लिए सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। पैदल चलने वालों के लिए 5 से 7 वाहनों की तैनाती भी की जाएगी।