राजस्थान में ठंड का कहर, 6 शहरों में जमी बर्फ, स्कूलों की बढ़ीं छुट्टियां

Rajasthan Schools Closed: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का सितम थमने का नाम नहीं ले रहा है. मरुधरा के कई हिस्सों में पारा शून्य से नीचे चले जाने के कारण लगातार दूसरे दिन खेतों और पेड़ों पर बर्फ की परत जमी नजर आई. मौसम विभाग ने मंगलवार को भी 10 शहरों में तेज सर्दी का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है, जिससे फिलहाल राहत के आसार कम ही दिख रहे हैं.

स्कूलों में बढ़ी छुट्टी
भीषण ठंड और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान किया है.जयपुर, भरतपुर, नागौर और झुंझुनूं में यहां 5वीं से 8वीं तक के बच्चों की 13 जनवरी तक छुट्टी है तो सीकर में सर्दी का सबसे ज्यादा असर है, जिसके चलते 5वीं तक के स्कूल 17 जनवरी तक बंद रहेंगे. वहीं जैसलमेर और जालोर में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है.

कोहरा और विजिबिलिटी का संकट
सर्दी के साथ-साथ घने कोहरे ने यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. उदयपुर और चित्तौड़गढ़ में सुबह दृश्यता मात्र 50 मीटर तक रह गई. हवाई सेवा पर घने कोहरे के चलते ‘इंडिगो एयरलाइंस’ ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. तोअलवर सहित दिल्ली-एनसीआर से सटे इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जिससे ओस की बूंदें बर्फ बन गई हैं.

धूप ने दी हल्की राहत
सोमवार को दिन भर आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. पाली 26.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि हनुमानगढ़ (17.7 डिग्री) दिन का सबसे सर्द इलाका रहा. हवाओं की गति कम होने से जोधपुर, बीकानेर और चूरू के लोगों को दोपहर में ठिठुरन से थोड़ी राहत मिली.

मकर संक्रांति से बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मकर संक्रांति (14-15 जनवरी) के बाद हवाओं की दिशा बदलने से कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है. तब तक प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने और गर्म तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है.