राजस्थान में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, होली पर लगा महंगाई का झटका

Rajasthan Commercial Gas Cylinder Price Hike News: राजस्थान में होली के उत्सव के बीच आम जनता और व्यापारियों के लिए एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है. पेट्रोलियम कंपनियों और राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने एलपीजी गैस की कीमतों का मासिक रिव्यू करने के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है. आज से प्रदेश में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 27.50 रुपए का इजाफा कर दिया गया है. इस बढ़ोतरी के साथ ही अब बाजार में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1769 रुपए के बजाय 1796.50 रुपए में मिलेगा. त्यौहार के समय जब मिठाइयों और पकवानों की डिमांड चरम पर होती है, तब गैस की कीमतों में हुई यह वृद्धि छोटे व्यापारियों और हलवाइयों के बजट को बिगाड़ सकती है.

हैरानी की बात यह है कि इस साल की शुरुआत से ही कॉमर्शियल गैस की कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है. यह लगातार तीसरा महीना है जब पेट्रोलियम कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया है. जनवरी माह में कंपनियों ने 111 रुपए प्रति सिलेंडर की भारी बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद फरवरी में भी 49.50 रुपए बढ़ाए गए थे. अब मार्च में 27.50 रुपए की ताजा बढ़ोतरी के साथ पिछले तीन महीनों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर कुल 188 रुपए महंगा हो चुका है. तेल कंपनियों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमतों में यह उतार-चढ़ाव अंतरराष्ट्रीय बाजार, गैस उत्पादन और स्थानीय खपत की डिमांड के आधार पर होता है, जिसकी हर महीने समीक्षा की जाती है.

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत बरकरार
कॉमर्शियल गैस की कीमतों में आग लगने के बावजूद राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग (14.2 किलो) के सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वर्तमान में राजस्थान के बाजार में घरेलू गैस सिलेंडर 856.50 रुपए की पुरानी कीमत पर ही उपलब्ध है. इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से बीपीएल और उज्ज्वला योजना के कनेक्शनधारियों को दी जाने वाली सब्सिडी और रियायती दरें भी यथावत लागू रहेंगी. आपको बता दें कि राजस्थान में तीनों प्रमुख तेल कंपनियों के करीब 1 करोड़ 75 लाख 48 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हैं. सर्दियों और शादी-ब्याह के सीजन में कॉमर्शियल सिलेंडरों की मांग घरेलू की तुलना में अधिक रहती है, जिससे बाजार भाव सीधे प्रभावित होते हैं.

पिछले एक साल का ट्रेंड और वर्तमान स्थिति
अगर पिछले एक साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो साल 2025 में कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर को ओवरऑल 200 रुपए से ज्यादा सस्ता किया था. पिछले साल के अंत में यानी दिसंबर में 5 रुपए की मामूली कटौती भी देखने को मिली थी. लेकिन साल 2026 की शुरुआत के साथ ही कीमतें फिर से आसमान छूने लगी हैं. जानकारों का मानना है कि त्यौहारों के समय बढ़ती मांग का फायदा उठाने के लिए कंपनियां अक्सर कीमतें बढ़ा देती हैं. फिलहाल, राजस्थान के व्यापारियों को अब बढ़ी हुई दरों के साथ ही अपना कामकाज जारी रखना होगा, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में बाहर मिलने वाले भोजन और मिठाइयों की कीमतों पर पड़ सकता है.