होली से पहले झुंझुनूं में दिखा लड्डू चोर, CCTV फुटेज वायरल

Chirawa Sweet Shop Chori In Jhunjhunu: शेखावाटी के चिड़ावा शहर में इन दिनों उचक्कों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला शहर के व्यस्त स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध नाहर सिंह मिष्ठान भंडार से सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने बड़ी ही सफाई से मिठाई से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया. यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

शातिर अंदाज, फोन पर बात करने का नाटक और फिर खेल
मिठाई की दुकान पर हुई इस चोरी का तरीका किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. भेष बदलकर आया चोर, करीब 50 साल की उम्र का एक अधेड़ व्यक्ति, जिसने पीली और सफेद धारीदार टी-शर्ट पहनी थी, ग्राहक बनकर दुकान में घुसा. दुकानदार को उलझाया, दुकान मालिक सुनील राव और उनके कर्मचारी अन्य ग्राहकों को मिठाई देने में व्यस्त थे.

इसका फायदा उठाते हुए आरोपी काफी देर तक मोबाइल पर बात करने का नाटक करता रहा ताकि किसी को शक न हो.जैसे ही दुकानदार की नजरें दूसरी तरफ घूमीं, उचक्के ने टेबल के नीचे रखा 5 किलो लड्डुओं से भरा बैग (कीमत करीब ₹2000) उठाया और पलक झपकते ही दुकान से रफूचक्कर हो गया.

CCTV ने खोली पोल
दुकान मालिक सुनील राव को जब कुछ कम होने का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक की. फुटेज देखते ही उनके होश उड़ गए. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपी ने शातिराना तरीके से बैग चोरी किया.

सोशल मीडिया पर चर्चा
यह वीडियो अब चिड़ावा और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग दुकानदार को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं, वहीं पुलिस को भी इस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश करने की सूचना दी गई है. होली के त्यौहार के सीजन में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ऐसे उचक्के सक्रिय हो गए हैं, जिससे व्यापारियों में चिंता है.

जमीनी विवाद में दो पक्षों में झगड़ा आधा दर्जन लोग हुए घायल

नवलगढ़ में जमीनी विवाद में दो पक्षों में झगड़ा आधा दर्जन लोग हुए घायल.यह घटनाक्रम नवलडी चेलासी मार्ग पर हुआ. जमीनी रास्ते विवाद में खूनी संघर्ष दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हुए. जहां पर पत्थर सहित लाठी के साथ एक दूसरे पर हमला किया. महिला ,बच्चे सहित दोनों पक्षों के आधा दर्जन घायलों का जिला अस्पताल नवलगढ़ में इलाज जारी. मौके पर एहतियात के रूप में पुलिस जाब्ता तैनात है. बता दें कि जमीनी विवाद का मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है.