मार्च में कितना तपेगा राजस्थान? बारिश की विदाई के बाद हीटवेव, पढ़ें मौसम का नया अलर्ट

जयपुर: राजस्थान में सर्दी की विदाई के साथ ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, इस साल मार्च का महीना उम्मीद से ज्यादा गर्म रहने वाला है।

पूरे महीने पश्चिमी हवाओं का प्रभाव रहेगा, जिससे तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा सकता है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस पूरे माह बारिश की संभावना न के बराबर है, जिससे सूखी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। कई जिलों में हीटवेव चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।

सप्ताह मौसम का हाल अपेक्षित तापमान
पहला सप्ताह सर्दी की पूरी विदाई, दिन-रात का पारा सामान्य से 4°C ऊपर। पारा 35°C के पार।
दूसरा सप्ताह शुष्क मौसम, तीखी धूप और पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का जोर। पश्चिमी जिलों में पारा 40°C के करीब।
तीसरा सप्ताह कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, हल्की बूंदाबांदी संभव। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव।
चौथा सप्ताह सबसे गर्म दौर, अप्रैल जैसी तपिश और तेज लू के संकेत। अधिकांश हिस्सों में पारा 40°C के पार।

मार्च महीने में कब कितनी तपेगी धरती?
मौसम विभाग ने मार्च को चार चरणों में बांटकर अपनी भविष्यवाणी जारी की है। महीने की शुरुआत से ही पारा चढ़ना शुरू हो गया है और आखिरी सप्ताह तक लू जैसी स्थिति बन सकती है।

जयपुर में ‘हॉट’ संडे: सामान्य से 4 डिग्री ऊपर पहुंचा पारा
राजधानी जयपुर में रविवार को मौसम के बदले मिजाज ने अभी से मई-जून का अहसास करा दिया। दिनभर खिली तेज धूप के कारण दोपहर में लोग पसीने से तर-बतर नजर आए। आंकड़ों की नजर से देखें तो:

दिन का तापमान: 32.2°C (सामान्य से 4.0°C अधिक)
रात का तापमान: 18.0°C (सामान्य से 3.8°C अधिक)
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल आसमान साफ रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की कोई गुंजाइश नहीं है।