Rajasthan News: 11 फरवरी को आने वाले राजस्थान बजट से वैट में कटौती, 150 यूनिट फ्री बिजली और 1.25 लाख नई भर्तियों की उम्मीद है. किसानों के लिए सिंचाई योजनाओं और युवाओं के लिए स्टार्टअप फंड इस बजट के मुख्य स्तंभ हो सकते हैं.
राजस्थान की राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिए 11 फरवरी 2026 का दिन बेहद निर्णायक होने वाला है. वित्त मंत्री दीया कुमारी विधानसभा में प्रदेश का आगामी बजट पेश करेंगी. अनुमान है कि इस बार का बजट करीब ₹6 लाख करोड़ का होगा. विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ आने वाले इस बजट से प्रदेश के हर वर्ग चाहे वह किसान हो, युवा हो या गृहणी-को बड़ी उम्मीदें हैं. आइए जानते हैं, इस बार के बजट पैकेज 2026 में क्या खास रहने की उम्मीद है.
राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुकाबले काफी अधिक हैं. आम जनता की सबसे प्रमुख मांग वैट (VAT) में कटौती की है. अगर सरकार यहां राहत देती है, तो परिवहन सस्ता होगा और महंगाई पर सीधा लगाम लगेगा.
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त बिजली के दायरे को 100 से बढ़ाकर 150 यूनिट तक किए जाने की चर्चा है. साथ ही,पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर पर राज्य सरकार अपनी ओर से अतिरिक्त सब्सिडी का ऐलान कर सकती है, जिससे आम आदमी का बिजली बिल शून्य हो सके.
स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज को और सस्ता कर सकती है. राज्य स्तर पर इन दवाओं पर अतिरिक्त छूट मिलने की प्रबल संभावना है.