गहलोत ने वसुंधरा राजे को लेकर फिर चलाए सियासी तीर, भजनलाल शर्मा को दी बड़ी सलाह

Gehlot again fired political arrows at Vasundhara Raje, gave important advice to Bhajanlal Sharma.
Gehlot again fired political arrows at Vasundhara Raje, gave important advice to Bhajanlal Sharma.

भीलवाड़ा. राजस्थान के तीन बार सीएम रह चुके अशोक गहलोत ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने अपने इस जुबानी हमले में वसुंधरा राजे को फिर से तीसरी बार सीएम बनाने हिमायत करते हुए कहा कि भजनलाल शर्मा का इकबाल खत्म हो चुका है. उन्हें बिना किसी दबाव के दबंगता से काम करना चाहिए. सरकार को दो साल होने को आ गए हैं लेकिन वे अभी अपनी अथॉरिटी नहीं बना पाए हैं. गहलोत के ताजा हमले के बाद सूबे की सियासत में फिर गरमाहट आ गई है. पूर्व सीएम गहलोत ने यह बयान सोमवार को अपने भीलवाड़ा दौरे के दौरान दिया.

भीलवाड़ा में मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि मैं भी सबसे पहली बार जब सीएम बना था तो लोग समझते थे की चार-छह महीने का मेहमान है. लेकिन मैं 15 साल तक मेहमान बना रहा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को मेरी सलाह है कि वे जमकर और दबंगता से राज करें. अपनी अथॉरिटी बनाएं और इकबाल कायम करें. गहलोत ने आरोप लगाया कि उनका और उनकी सरकार का इकबाल समाप्त हो चुका है.

अगर वसुंधरा राजे तीसरी बार सीएम बनती तो…
गहलोत ने आगे कहा कि बदले की भावना से अत्याचार करना हमारी संस्कृति में नहीं है. यह आरएसएस और बीजेपी में है. गहलोत तो बोले मेरा मतलब यह है कि मैं इनसे क्या लड़ाई लड़ू. मैं जो बोल रहा हूं उसको वे सलाह के रूप में लें. मैं सरकार पर जो आरोप लगा रहा हूं उसे वे मेरा सुझाव समझें. गहलोत यहीं नहीं थमे और उन्होंने कहा कि गवर्नेंस अच्छे से करो. वसुंधरा राजे दो बार मुख्यमंत्री रही हुई थीं अगर वे सीएम होती तो उनका अनुभव काम आता. इसलिए मैंने कहा कि यदि वे तीसरी बार सीएम बनती और फिर भी कोई कमी होती तो हम उन पर जमकर अटैक करते. अशोक गहलोत ने आगे कहा कि मैं पंडित भजनलाल के खिलाफ नहीं हूं.

मेरा इंटरेस्ट पब्लिक में है न कि बीजेपी और भजनलाल में
बकौल गहलोत मैं ओपनली कह रहा हूं. अब तो आपको दो साल होने आए हैं. 1 साल में आपको समझ जाना चाहिए पंडित जी आप ही पहली बार आए हो. कॉन्फिडेंस से काम करो. भगवान की कृपा से मौका मिला है. मेरा विश्वास है कि भगवान ने सब तय कर रखा है. उनको चाहे बुरा लग रहा हो पर उनके जो मीडिया एडवाइजर है वे मेरी बाइट को पेन ड्राइव में लेकर लैपटॉप में भजनलाल जी के साथ बैठे और उनको सुनाना चाहिए. मैं उनके हित में कह रहा हूं. यह चेतावनी दे रहा हूं कि आप अथॉरिटी बनकर इकबाल कायम करो ताकि राज अच्छा होगा. मेरा इंटरेस्ट पब्लिक में है न कि बीजेपी और भजनलाल में. राज अच्छा करेंगे तो उसका फायदा जनता को होगा.