मुजफ्फरनगर में शोले फ़िल्म का वीरू बन टॉवर पर चढ़ा प्रेमी, प्रेमिका आई उतरा तभी नीचे

Muzaffarnagar News: शोले फिल्म का वीरू अपनी बसंती के लिए जहाँ पानी की टंकी पर चढ़ गया था, वहीं उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद का एक वीरू भी अपनी बसंती के लिए बिजली के टावर पर चढ़ गया।

बस फिर क्या था, टावर के नीचे वीरू के परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं सूचना पर पहुँची पुलिस ने भी इस वीरू को लाख समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। अंततः पुलिस को इस वीरू की बसंती को मौके पर बुलाना पड़ा, तब जाकर रियल लाइफ का यह वीरू टावर से नीचे उतरा।

दरअसल, फिल्म शोले का वीरू बनकर छपार थाना क्षेत्र के कासमपुर गाँव का एक प्रेमी अर्जुन सोमवार की शाम बिजली के टावर पर चढ़ गया था। यह वीरू अर्जुन अपनी बसंती (प्रेमिका) की शादी कहीं और तय हो जाने से नाराज़ होकर टावर पर चढ़ा था, जहाँ उसने अपनी जान देने का ऐलान किया था।

रिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
इसके बाद टावर के नीचे प्रेमी अर्जुन के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर इकट्ठा हो गई। टावर पर चढ़े प्रेमी की सूचना पर आला अधिकारी भी पुलिस फोर्स के साथ पहुँचे थे। उन्होंने अर्जुन को नीचे उतारने की लाख कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। अंततः पुलिस को उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाना पड़ा, तब कहीं जाकर अर्जुन टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने दोनों परिवारों को बातचीत कर मामले को सुलझाने की हिदायत दी है।

एक युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग
आपको बता दें कि वीरू बना यह प्रेमी अर्जुन नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता है, जिसका गाँव की ही एक युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरे युवक से तय कर दिया था, जिसकी बारात 6 अक्टूबर को आनी बताई गई है। इसी से नाराज़ होकर प्रेमी अर्जुन वीरू बनकर टावर पर चढ़ गया था।