राजस्थान में घग्घर नदी का टूटा बांध, स्कूलों में 2 दिन की छुट्टी, पूरे इलाके में हडकंप

Ghaggar river dam broke in Rajasthan, 2 days holiday in schools, panic in the entire area
Ghaggar river dam broke in Rajasthan, 2 days holiday in schools, panic in the entire area

श्रीगंगानगर। राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में घग्घर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार सुबह जैतसर कस्बे के नजदीक 13 जीबी क्षेत्र में नदी के बांध में कटाव आ गया। समय रहते किसानों की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति संभाल ली गई, वरना सैकड़ों बीघा कृषि भूमि और कई ढाणियां पानी में डूब सकती थीं।

किसान मनप्रीत सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे शेर सिंह और गुरप्रीत सिंह के खेत के पास बांध में रिसाव शुरू हुआ, जो देखते ही देखते 10 फीट से ज्यादा क्षेत्र तक फैल गया। ऐसे में ग्रामीणों ने प्लास्टिक के थैलों में मिट्टी भरकर मानव श्रृंखला बनाई और महज आधे घंटे में रिसाव पर काबू पा लिया। इसके बाद जेसीबी और ट्रैक्टर-लोडर की मदद से बांध के आसपास मिट्टी डालकर मजबूती दी गई, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।

सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही उपतहसीलदार अंकित गोदारा, गिरदावर सुनील जोशी और पटवारी अमित मीणा मौके पर पहुंचे। शाम को उपखण्ड अधिकारी शकुंतला चौधरी ने 13 जीबी से 5 जीबी तक बांधों का निरीक्षण किया और किसानों के साथ-साथ अधिकारियों को उन्हें और मजबूत करने के निर्देश दिए। इधर चेतक प्वाइंट पुल पर घग्घर का जलस्तर सोमवार शाम को 5 फीट दर्ज किया गया और पानी की आवक 6000 क्यूसेक पर स्थिर रही।

कैचमेंट क्षेत्र के विद्यालयों में छुट्टी
लगातार बारिश और नदी की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। श्रीगंगानगर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश पर अनूपगढ़ ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने कैचमेंट क्षेत्र के सभी विद्यालयों में 9 और 10 सितम्बर को अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश के अनुसार राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालय भी बंद रहेंगे।

इन इलाकों के स्कूलों में छुट्टी
प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों को सुरक्षित घर तक पहुंचाना सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन व शिक्षा विभाग को सूचित करें। आदेश के दायरे में 81 जीबी, 80 जीबी, 79 जीबी, 28 ए, 91 जीबी, पुरानी बिन्जोर, 69 जीबी, 70/1 जीबी, 70 जीबी, 7 पीजीएम और तरुण एकेडमी 6 पीजीएम सहित कई विद्यालय शामिल हैं।