जयपुर से दिल्ली जाने वालों के लिए खुशखबरी! दौड़ेंगी नई 12 सुपर लग्जरी वोल्वो बसें

जयपुर : राजस्थान की भजनलाल सरकार ने आज रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को जबरदस्त तोहफा दिया है। दरअसल, अब दावा किया जा रहा है लंबे समय से खटारा बसों से जूझ रहे यात्रियों को अब नई दमदार बसें मिलेंगी।

शनिवार को जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति से सीएम भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने रोडवेज बसों के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर कुल 172 नई बसों को रवाना किया। इनमें 160 ब्ल्यू लाइन एक्सप्रेस और 12 सुपर लग्जरी वोल्वो बसें शामिल हैं। बता दें कि नई वोल्वो बसों कई हाईटेक खूबियों से लैस है। इनमें एडवांस्ड सेफ्टी सिस्टम भी लगाया गया हैं। वोल्वो कंपनी के साथ 6 साल का मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट किया गया हैं।

दिल्ली-जयपुर रूट पर सफर होगा फर्स्ट क्लास
दिल्ली-जयपुर रूट पर अब तक सुपर लग्जरी बसों की कमी खल रही थी, लेकिन अब बीए-6 कैटेगरी की नई वोल्वो बसें इस मार्ग पर धूम मचाएंगी। इन बसों में बैठते ही यात्रियों को मिलेगा एयरपोर्ट बसों जैसा फील।

धार्मिक स्थल के लिए बड़ी सेवा: कैंची धाम तक सीधी बस सेवा
सीएम ने जयपुर से उत्तराखंड के मशहूर कैंची धाम मंदिर तक नई वातानुकूलित बस सेवा का भी शुभारंभ किया। अब बाबा नींब करौली महाराज के भक्त सीधे जयपुर से आरामदायक यात्रा करते हुए कैंची धाम पहुंच सकेंगे।

कहां-कहां दौड़ेंगी नई बसें?
जयपुर-दिल्ली रूट (स्कैनिया की जगह वोल्वो)
जयपुर-काठगोदाम (कैंची धाम)
जयपुर-जोधपुर-उदयपुर