राजस्थान में 7 दिन तक हीटवेव का अलर्ट, 24 मई से सीवियर हीटवेव की चेतावनी

राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच कुछ जिलों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन लोगों को गर्म हवाओं से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक तेज गर्मी बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, 24 मई के बाद हीटवेव के और तेज होने तथा कई क्षेत्रों में गंभीर गर्मी की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की गई है।

गुरुवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। हालांकि जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा और कोटा जैसे कुछ जिलों में तापमान सामान्य के आसपास या उससे थोड़ा नीचे दर्ज किया गया, लेकिन गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को राहत महसूस नहीं हुई।

श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म
राजस्थान में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में हीटवेव का असर बना रहा। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई और लोग घरों में रहने को मजबूर हुए।

आज और कल बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। 22 और 23 मई को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा चलने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि इससे लंबे समय तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

जयपुर में तेज धूप और हीटवेव का असर
राजधानी जयपुर में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में सतह पर हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलीं, लेकिन इससे गर्मी कम नहीं हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

उदयपुर और कोटा में भी गर्मी से राहत नहीं
लेकसिटी उदयपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर से पहले ही तेज गर्मी का असर महसूस होने लगा।

वहीं कोटा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी से राहत देने के लिए अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में वनकर्मी जानवरों पर पानी का छिड़काव करते नजर आए।

अलवर और सीकर में भी बढ़ा गर्मी का असर
अलवर में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। दिनभर तेज धूप रही, हालांकि शाम के समय चली हल्की हवा ने थोड़ी राहत दी।

सीकर सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से गर्मी का असर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और न्यूनतम 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

जोधपुर में बढ़ेगी गर्मी, हीटवेव का अलर्ट
जोधपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में उमस और गर्म हवाओं का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा हीटवेव की स्थिति और मजबूत होने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।