दो भीषण सड़क हादसों से मचा हाहाकार: मुजफ्फरनगर के दो भाइयों की दर्दनाक मौत

सहारनपुर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे और नानौता क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। इन हादसों में दो चचेरे भाइयों समेत कुल चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

पहला हादसा थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव खजूरवाला के पास हुआ, जहां भैंस से लदे टेंपो को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ क्षेत्र के गांव कवाल निवासी पशु व्यापारी हसरत अपने चचेरे भाई जमालू और दो अन्य साथियों के साथ तीन भैंसों को लेकर गागलहेड़ी की ओर जा रहे थे।

रास्ते में टेंपो का अगला पहिया पंचर हो गया, जिसके बाद चालक और एक अन्य व्यक्ति पहिया ठीक कराने चले गए। इसी दौरान सड़क किनारे डिवाइडर के पास बैठे हसरत और जमालू को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशरफ (36) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जमालू को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी घटना नानौता क्षेत्र की है, जहां सड़क हादसे में एक राजनीतिक संगठन से जुड़े शेखर कश्यप समेत तीन युवकों की मौत हो गई। मृतक शेखर कश्यप के पिता राजेश कश्यप ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ।

जानकारी के अनुसार शेखर कश्यप, उनके सगे भाई अमन और चचेरे भाई धर्मेंद्र अपने साथी अंकित और कार चालक दानिश के साथ सहारनपुर में एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान नानौता क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

हादसे में शेखर, अमन और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया और चालक दानिश भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। लगातार हुए इन हादसों से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।