जयपुर। राजस्थान में आज फिर से मावठ हुई है। साथ ही कई जिलों में ओले भी गिरे हैं। राजस्थान में 5 दिन में दूसरी बार आज कई जिलों में ओले गिरे हैं। वहीं, जयपुर सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। सीकर के खंडेला में बारिश के दौरान एक महिला पर बिजली गिर गई।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोटा के रामगंज मंडी में लाखों की रुपए की धनिया की फसल बह गई। इधर, बारिश के बाद चल रही ठंडी हवा से गलन महसूस हो रही है।
मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में बरसात-आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 12 जिलों में यलाे अलर्ट है। आंधी-बारिश का दौर रुकने के बाद दो दिन कोहरा रहेगा। इसके बाद 31 जनवरी से 1 फरवरी के बीच एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने और उससे बारिश हो सकती है।
फिर ओले गिरे, बोरियों में भरी धनिया खराब
जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, अलवर, हनुमानगढ़, चूरू, कोटा में रुक-रुककर बरसात हो रही है। साथ ही नीम का थाना (सीकर), रैणी (अलवर), नोहर (हनुमानगढ़) और मंडाना (कोटा) में 5 से 10 मिनट तक ओले भी गिरे हैं।
खेतों और मंडी में पानी भरने से फसलों को भी नुकसान हो रहा है। रामगंज मंडी में तेज बारिश के बीच धनिया की फसल से भरी बोरियां पानी में डूब गईं।
कुछ बोरियां बह भी गईं। वहीं, सीकर में एक महिला पर बिजली गिर गई। हॉस्पिटल ले जाने के दौरान 40 साल की महिला की मौत हो गई।
सर्दी बढ़ी, दिनभर हो सकती है बारिश
राजस्थान में पांच दिन में दूसरी बार बारिश और ओले गिरने से ठंड बढ़ गई है। सर्द हवा चलने से फिर ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर आज दिन भर जारी रह सकता है। शेखावाटी एरिया के चूरू जिले में भी सुबह ओले गिरे। यहां हुई तेज बारिश के बाद फसलों में खराबे की भी आशंका बढ़ गई है।
28 जनवरी को घना कोहरा, 31 से फिर बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 28 और 29 जनवरी को प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाएगा और कई जगह सर्द हवा चलेगी।
लेकिन 31 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसके असर से प्रदेश में 31 जनवरी और 1 फरवरी को प्रदेश में बादल छा सकते और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।