जयपुर। जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कई जिलों में बुधवार को अच्छी बारिश हुई। जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर सहित कुछ जिलों में 4 इंच तक पानी बरसा।
जयपुर में दो घंटे की तेज बारिश से शहर के कई पॉश इलाके डूब गए। कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। वहीं, गलता तीर्थ के पिछले हिस्से में पानी के बहाव में 20 श्रद्धालु फंस गए। इन्हें रेस्क्यू टीम ने ह्यूमन चेन बनाकर बचाया।
बुधवार तड़के कोटा के दरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हो गया। इस कारण कोटा-मुंबई ट्रैक पर 9 ट्रेनों को रोका गया। कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर दरा नाल के पास पानी भर गया। यहां भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
झुंझुनूं में एक मकान की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। झालावाड़ में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। जोधपुर में शाम को तेज बारिश हुई।
दौसा में तेज बारिश के बीच पुलिस वैन ट्रक से भिड़ गई। दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दौसा के बांदीकुई और सीकर के फतेहपुर में मूसलाधार बरसात के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
दौसा में मोरेल नदी की रपट पर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बहने लगा। हालांकि ड्राइवर ने समय रहते कंट्रोल कर ट्रैक्टर को बाहर निकाल लिया। गुरुवार को 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 23 में येलो अलर्ट घोषित किया है। दौसा में गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।