Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की तेज बरसात का असर अब भी देखने को मिल रहा है. बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए और ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया. सोमवार को बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और सिरोही जिले सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. बारिश की इस मार से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ और कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई.
वहीं, मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मंगलवार यानी 9 सितंबर को प्रदेश के दो जिलों जैसलमेर और बाड़मेर में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, 10 सितंबर से मानसून के धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं. पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ने से आसमान साफ होगा और धूप खिलने लगेगी. इसका सीधा असर यह होगा कि बारिश का दौर थमेगा और मौसम सामान्य स्थिति की ओर लौटेगा.
लगातार हो रही बरसात और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा के सभी स्कूलों में 9 सितंबर को छुट्टी घोषित कर दी है . भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरने और परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने के कारण लोगों को आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
दर्ज आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान सिरोही में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
विशेषज्ञों के मुताबिक, 10 सितंबर से मानसून कमजोर पड़ना शुरू हो जाएगा और बारिश का सिलसिला थमने लगेगा. लगातार बारिश से बेहाल लोगों को अब मौसम में सुधार और धूप निकलने से राहत मिलने की उम्मीद है. विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अलर्ट वाले जिलों में सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.