जयपुर : राजस्थान पुलिस महकमे में वर्ष के अंतिम दिन एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय सामने आया है. गृह विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत कुल 44 पुलिस निरीक्षकों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया है. यह पदोन्नति कनिष्ठ वेतन श्रंखला की वर्ष 2025-26 की रिक्तियों के विरुद्ध की गई है. लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूरी होने से पुलिस अधिकारियों में खासा उत्साह और संतोष देखा जा रहा है. जानकारी के अनुसार, इन पदोन्नतियों का निर्णय 2 दिसंबर को आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक में लिया गया था.
बैठक में उपलब्ध रिक्त पदों, पात्र अधिकारियों की वरिष्ठता सूची और सह-योग्यता (मेरिट) के आधार पर विस्तृत मंथन किया गया. इसके बाद विभागीय पदोन्नति समिति ने अपनी सिफारिशें तैयार कर सरकार को भेजी थीं. विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई सूची को सक्षम स्तर पर मंजूरी दी गई, जिसके बाद गृह विभाग ने औपचारिक रूप से पदोन्नति संबंधी आदेश जारी कर दिए. आदेशों के अनुसार, पदोन्नति पाए सभी पुलिस निरीक्षकों को कनिष्ठ वेतन श्रंखला में समायोजित किया गया है. इससे न केवल उनके पद में वृद्धि हुई है, बल्कि वेतनमान और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में भी बढ़ोतरी होगी.