राजस्थान में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस: पाक हैण्डलर्स से पिछले 2 साल से था जुड़ा

जयपुर। सीआईडी इंटेलिजेंस राजस्थान ने मंगलवार को एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। जो पिछले 2 साल से पाक हैंडलर्स से कॉन्टैक्ट में था।

एडीजी (पुलिस इन्टेलीजेन्स) प्रफुल्ल कुमार ने बताया- पाकिस्तानी खूफिया एजेन्सियों की ओर से राजस्थान में की जाने वाली जासूसी गतिविधियों पर सीआईडी इंटेलिजेंस राजस्थान निगरानी रखे हुए है। निगरानी के दौरान जानकारी में आया कि मुस्ताक अली (26) पुत्र नबी बक्श निवासी हिगोला की ढाणी खारिया नाचना जैसलमेर की गतिविधियां संदिग्ध है।

टीम की ओर से उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी मुस्ताक अली सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेन्सी के हैंडलर्स से लगातार कॉन्टैक्ट में है।

2 साल से पाकिस्तानी एजेंसी से कॉन्टैक्ट में था

संदिग्ध जासूस मुस्ताक अली को पकड़कर जयपुर में अलग-अलग एजेन्सियों ने संयुक्त पूछताछ की। पूछताछ व मोबाइल एनालासिस में पाया गया कि आरोपी मुस्ताक अली पिछले 2 साल से पाक एजेंसी से कॉन्टैक्ट में था। बॉर्डर की ओर जाने वाली मेन रोड पर चाय की शॉप खोलकर उसे बीएसएफ व सेना के मूवमेंट पर निगरानी रखने का टास्क दिए गए थे।

दुकान की आड़ में वीडियो फोटो बना रहा था

टास्क पर वह दुकान की आड़ में बीएसएफ व सेना के मूवमेंट की निगरानी के साथ वीडियो/फोटो बनाकर पाक हैंडलर्स को भेज रहा था। इसक बदले रुपए लेता था। फिलहाल गिरफ्तार पाक जासूस से पूछताछ की जा रही है।